शोहरतगढ़। स्थानीय कस्बे के वार्ड नंबर-11 रघुनाथ नगर मोहल्ले में बुधवार देर शाम किराये के मकान में रह रही 25 वर्षीय काजल और उसके दस वर्षीय बेटे टाइगर का शव कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना के दौरान कमरे में मौजूद छह माह की बच्ची भी फंदे पर लटकी मिली, लेकिन चिकित्सकों ने उपचार के बाद उसकी जान बचा ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मां-बेटे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की वजह के बारे में किसी को कुछ नहीं मालूम है।
जानकारी के मुताबिक, मूल निवासी मध्य प्रदेश के दतिया जिले के पंडोखर थाना क्षेत्र के ताल गांव का रहने वाले रामनरेश कुशवाहा पांच साल से शोहरतगढ़ कस्बे में पत्नी काजल, दस वर्षीय बेटे टाइगर और छह माह की बेटी के साथ किराये के मकान में रहते थे। परिवार कस्बे में फुलकी की दुकान लगाकर जीवनयापन करता था। बुधवार देर शाम मोहल्ले के लोगों ने मकान के झरोखे से कमरे के अंदर काजल और दोनों बच्चों को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर तीनों को नीचे उतारा और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने काजल और उसके बेटे टाइगर को मृत घोषित कर दिया। छह माह की बच्ची का उपचार कर उसकी जान बचा ली गई। पत्नी और बेटे की मौत की खबर सुनकर रामनरेश बदहवास हो गए। अस्पताल में दोनों के शव देखकर वह दहाड़ मारकर रोने लगे। घटना के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।
थानाध्यक्ष शेषमणि पांडेय ने बताया कि मां-बेटे के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। पुलिस के मुताबिक राम नरेश बातचीत करने की स्थिति में आए तो वजह के बारे में जानकारी मिले।