भारतभारी। डुमरियागंज विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायत बगडीहवा में आमी नदी पर बनी पुलिया अधूरी निर्माण व्यवस्था के कारण ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
जानकारी के अनुसार, पहले यहां एक जर्जर पुलिया थी, जिसकी जगह नई पुलिया का निर्माण कार्य शुरू कराया गया, लेकिन अब तक इसे पूरी तरह से पूरा नहीं किया गया है। पुलिया पर एप्रोच (पहुंच मार्ग) नहीं बनाया गया है, जिसके चलते ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पुलिया के दोनों किनारों पर सुरक्षा दीवार भी नहीं बनाई गई है, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। वहीं पुलिया के किनारे की जमीन धंसने लगी है और गैपिंग भी दिखाई दे रही है, जिससे स्थिति और भी जोखिमपूर्ण हो गई है। निर्माण कार्य अधूरा छोड़कर ठेकेदार की ओर से काम छोड़ देने से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है।
खरगौला गांव के विनोद कुमार शर्मा, दिनेश कुमार यादव, अय्यूब अहमद, राज कुमार चौहान और मुनव्वर हुसैन सहित ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया बनने से पहले बेंवा जाने में समय लगता था, लेकिन अब एप्रोच न होने के कारण दूरी और बढ़ गई है तथा आवागमन मुश्किल हो गया है।
ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों और जिम्मेदार अधिकारियों से पुलिया पर शीघ्र एप्रोच मार्ग और सुरक्षा दीवार बनवाने की मांग की है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।