संवाद न्यूज एजेंसी
पथरा। मिठवल ब्लॉक कार्यालय पर क्षेत्र पंचायत की बैठक ब्लॉक प्रमुख निशा चौधरी की अध्यक्षता में हुई। इसमें 37 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया, जिससे ब्लॉक क्षेत्र में विकास कार्य होगा।
सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायती राज में क्षेत्र पंचायत विकास की प्रथम कड़ी है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प में ग्राम पंचायतों का अहम रोल है। केंद्र सरकार द्वारा हर घर नल योजना, उज्ज्वला, घर घर बिजली जैसी तमाम योजनाएं जन समुदाय के सहयोग से ही सफल हो रही है।
संबोधन के अंत में विभागीय अधिकारियों की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। जिसे अनुपस्थित विभागों के कर्मचारियों के बारे में उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर उचित कार्रवाई कराई जा सके।
समुचित विकास के लिए ग्राम प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने अपने क्षेत्र के विकास कार्यों के प्रस्ताव दिए। बैठक में मनरेगा योजना के तहत 30 करोड़ और राज्य वित्त/केन्द्र वित्त के लिए 7 करोड़ का प्रस्ताव पास हुआ, जिसमें खड़ंजा, नाली, इंटरलॉकिंग, सीसी सड़क, अमृत सरोवर अन्नपूर्णा भवन आंगनबाड़ी केंद्र आदि कार्य शामिल है। ब्लॉक प्रमुख निशा चौधरी ने सरकार की ओर से गांव में पेयजल के लिए बनाए जा रहे टंकी, पेंशन, मनरेगा व अन्य सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में प्रधानों व क्षेत्र पंचायत सदस्यों से सहयोग करने की अपील की। कहा कि सरकार गरीबों के उत्थान के लिए योजनाएं चला रही है।
उन्होंने सभी ग्राम पंचायत में विकास कार्य कराने का आश्वासन दिया। खंड विकास अधिकारी सौरभ कुमार पांडेय ने सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। इस दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य रीता सिंह ने प्रस्ताव देकर लघु सिंचाई का स्थाई पटल स्थापित करने की मांग की। प्रधान संघ ब्लाॅक अध्यक्ष दिनेश धर द्विवेदी ने मनरेगा योजना के तहत कराए गए सामग्री मद का 8 माह और मजदूरों का मजदूरी का बकाया का 4 माह से पेंडिंग हैं। इसका भुगतान करने की मांग की।