तालाब में डूबकर बालक की मौत
खेलते समय तालाब में चली गई थीं गेंद, निकालते समय डूबा
डुमरियागंज थानाक्षेत्र के ग्राम कादिराबाद की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
डुमरियागंज। थाना क्षेत्र के कादिराबाद गांव में बुधवार की दोपहर तालाब में डूबकर एक बालक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि तालाब से गेंद निकलते समय यह हादसा हुआ है।
क्षेत्र के ग्राम कादिराबाद निवासी झीने यादव का (12) वर्षींय बेटा माता प्रसाद बुधवार की दोपहर अपने साथी बच्चों के साथ गांव के दक्षिण दिशा में स्थित तालाब के किनारे खेल रहा था। इस दौरान गेंद उछलकर तालाब में चली गई। जिसे निकालने माता प्रसाद तालाब में गया, जहां पर वह गहरे पानी में चला गया और डूबते समय बचाने की आवाज लगाने लगा। जिस पर उसके साथी बच्चे तालाब में उतरकर उसे बचाने का प्रयास किए। साथ ही घटना की जानकारी ग्रामीणों को दी। जबतक ग्रामीण तालाब में पहुंचकर माता प्रसाद को निकालते तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद माता प्रसाद के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, साथी बच्चे सदमे में हैं। डुमरियागंज इंस्पेक्टर केडी सिंह ने बताया कि उन्हें घटना को लेकर कोई सूचना नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
डूबने से वृद्ध की मौत
शाहपुर। डुमरियागंज थानाक्षेत्र के रमवापुर गांव निवासी एक वृद्ध की बुधवार को भैंस चराने के दौरान राप्ती नदी में डूबने से मौत हो गई। रमवापुर गांव निवासी रामसूरत (60) गांव के बगल में राप्ती नदी के किनारे भैंस चराने गए थे। इसी बीच भैंस नदी में उतर गई तो वह उन्हें बाहर निकालने के लिए नदी में चले गए। जहां गहरे पानी में जाने से डूबकर उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने परिजनों के साथ मिलकर शव को बाहर निकाला। थानाध्यक्ष डुमरियागंज का कहना है कि तहरीर नहीं मिली है, परिजन अगर पोस्टमार्टम कराना चाहेंगे तो करा दिया जाएगा।