शोहरतगढ़। खखरा गांव में रविवार को तालाब से सिंघाड़ा निकालने गई एक महिला की डूबने से मौत हो गई। मौजूद लोगों ने शव बाहर निकालकर उसके घर वालों को सूचना दी।
ढेबरुआ क्षेत्र के खखरा गांव निवासी 50 वर्षीय सूर्यमती पत्नी खुट्टुर सुबह करीब आठ बजे गांव की महिलाओं के साथ कपसिहवा तालाब में सिंघाड़ा निकालने गई थी। वह जैसे ही तालाब में उतरी, उसका पैर फिसल गया। इससे वह गहरे पानी में चली गई। डूबते हुए सूर्यमती बचाव के लिए प्रयास करने लगी। मौके पर मौजूद महिलाओं ने सूर्यमती को बचाने के लिए लोगों से गुहार लगाई लेकिन मौके पर मदद के लिए कोई नहीं पहुंचा। इस कारण सूर्यमती की डूबने से मौत हो गई। लगभग एक घंटे बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और उसका शव बाहर निकाला। सूचना पर रोते-बिलखते घर वाले घटनास्थल पर पहुंचे। सूचना पर पहुंची कठेला चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा कर घर वालों के हवाले कर दिया।
इस संबंध में कठेला चौकी इंचार्ज एसआई ईश्वरचंद प्रधान ने बताया कि कपसिहवा तालाब में सिंघाड़ा निकालने के लिए सूर्यमती गांव की महिलाओं के साथ गई थी। पांव फिसलने के कारण वह तालाब में गिर गई।