सिद्धार्थनगर। खेसरहा चौराहे पर गुरुवार की चार दुकानों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये का सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। इसकी सूचना पीड़ितों ने थाने में दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद भी मुकदमा नहीं पंजीकृत किया है।
खेसरहा चौराहे पर राजेश चौधरी का सहारा इंडिया की एक शाखा खोल रहे हैं। चोरों ने उनके आफिस को निशाना बनाते हुए उनकी आलमारी लेकर फरार हो गए। अलमारी में 10 हजार रुपये रखे थे। इसके बाद चोरों ने राखी ब्यूटी पार्लर से 70 हजार नकदी सहित कास्टमेटिक का सामान चुरा लिया। एक ही रात में पूर्वांचल ग्रामीण बैंक की बगल स्थित अख्तर के मेडिकल स्टोर और मिश्रा के मेडिकल स्टोर से लाखों रुपये नकदी और कीमती दवाइयां लेकर फरार हो गए। चोरी की इस घटना से चौराहे के लोग दहशत में हैं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने अब तक केवल जांच पड़ताल में ही जुटी हुई है। तहरीर मिलने के बाद भी पुलिस मुकदमा दर्ज करने से कतरा रही है। खेसरहा थाना क्षेत्र मौजूदा समय में चोरों के लिए पूरी तरह से मुफीद हो चुका है। यही वजह है कि चोरी का एक भी खुलासा खेसरहा पुलिस नहीं कर रही है।
एसओ खेसरहा सत्यप्रकाश यादव ने बताया कि जांच पड़ताल की जा रही है। इसके बाद ही मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।