सिद्धार्थनगर।चक्रवाती तूफान हुदहुद का असर जिले में भी काफी रहा। मंगलवार को तेज हवा और बारिश के कारण जिले की विद्युत व्यवस्था चरमरा गई है। जिले के लगभग 400 गांवों में बिजली सप्लाई मंगलवार से ही बाधित है। कहीं पेड़ गिरने से पोल और तार टूटकर गए हैं तो कहीं ट्रांसफार्मर खराब हो गए हैं। उसका क्षेत्र के 40, लोटन विकास खंड के 60, बांसी के 85, शोहरतगढ़ के 75, इटवा के 65 और डुमरियागंज के 95 गांवों के लोग दो दिन बिजली का इंतजार कर रहे हैं।
जिले के इटवा क्षेत्र में बिस्कोहर-तुलसीपुर मार्ग पर पेड़ गिरने से तार और पोल टूटकर गिर गए हैं। इससे क्षेत्र के लगभग पांच दर्जन गांवों की विद्युत सप्लाई ठप हो गई है। इसे ठीक करने का काम बुधवार को भी जारी रहा। इसी तरह पेड़ गिरने के कारण चिल्हिया क्षेत्र में भी पोल व तार टूट गए हैं। इससे क्षेत्र के कई गांवों में विद्युत सप्लाई बाधित हो गई है। जबकि उसका कस्बा में पोल व तार पर पेड़ गिरने से विद्युत व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। लोटन में भी पोल और तार टूटने के कारण क्षेत्र के गई गांवों में विद्युत सप्लाई बंद है।
बांसी प्रतिनिधि के अनुसार खेसरहा विकास खंड के ग्राम पंचायत भेडौहा के मजोरा गांव में आंधी और बारिश के चलते एक पेड़ मंगलवार को बिजली के तार पर गिर गया। इससे 12 पोल ट्रांसफार्मर सहित गिर गए हैं। आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित है। लोगों ने विद्युत आपूर्ति बहाली करने की मांग की है।
शोहरतगढ़ प्रतिनिधि के अनुसार मंगलवार को तेज हवा व बारिश में चौहट्टा निवासी शिवप्रसाद उपाध्याय की राइस मिल को नुकसान पहुंचा है। मिल की छत पर लगे टीन हवा के साथ उड़ गए हैं। मिल के अंदर रखा 10 क्विंटल चावल और 15 क्विंटल ब्रान भीग गया है। राइस मिल मालिक शिवप्रसाद उपाध्याय ने बुधवार को एसडीएम को पत्र देकर घटना की जानकारी दी। उन्होंने आर्थिक मदद की मांग की है। एसडीएम को दिए गए पत्र में मिल मालिक ने कुल 70 हजार रुपये नुकसान बताया है। एसडीएम सुरेंद्रनाथ मिश्र ने बताया कि जांच कराकर पीड़ित को सहायता दी जाएगी।