बढ़नी। जमीनी विवाद को लेकर ढेबरुआ थाना क्षेत्र के पथरदेइया में शनिवार की सुबह दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। इसमें एक पक्ष से दस लोगों को बुरी तरह चोेटें आई। मारपीट की इस घटना में एक महिला और मारपंीट छुड़ाने गए एक चौकीदार को गंभीर रुप से चोटें आई। जिन्हें पीएचसी से इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इससे पहले भी इनके बीच इसी जमीनी विवाद को लेकर कई बार मारपीट हो चुकी है। साथ ही कई बार यह मामला ढेबरुआ थाना में पहुंच चुका है, लेकिन पुलिस की निष्क्रियता की वजह से इस मारपीट की घटना में कोई अंकुश नहीं लग पा रहा है।
ढेबरुआ थाना के पथरदेईया गांव निवासी प्रदीप से और उसी गांव के कुछ लोगों से जमीनी विवाद का मामला काफी दिनों से चल रहा है। जमीनी विवाद को लेकर इनके बीच कई बार मारपीट की घटना घटित हो चुकी है। इससे पहले भी आठ दिसंबर को दोनों पक्षों से जमकर मारपीट हुई थी। इसमें पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ एनसीआर दर्ज किया था। अभी यह मामला शांत ही नहीं हुआ था कि शनिवार की सुबह दूसरे पक्ष के कई लोगों ने एक साथ मिलकर चौकीदार चिक्कन, प्रदीप, राजेश, राजू, मनोज, प्रभू, बिंदू, राम मिलन, राजेंद्र और पूजा को मिलकर बुरी तरह मारा पीटा। इसमें पूजा और चिक्कन को गंभीर चोटे आई। इन लोगों को इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां डॉक्टरों ने नाजुक स्थिति को देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इन लोगों का कहना है कि अगर पुलिस थोड़ी सी एक्टिव हुई होती तो यह वारदात नहीं होती। पुलिस की निष्क्रियता की वजह से मारपीट की घटनाएं आए दिन हो रही हैं।
ढेबरुआ एसओ मानवेंद्र प्रताप सिंह का कहना है कि जमीनी विवाद का मामला इतना तूल पकड़ेगा इसका अंदाजा नहीं था। घायलाें को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर दोषियाें के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी।