सिद्धार्थनगर। जिले के बांसी, इटवा, नौगढ़ और शोहरतगढ़ तहसीलों में मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस में कुल 271 मामले आए। इसमें मौके पर मात्र चार का ही निस्तारण हो सका। डीएम की अध्यक्षता में बांसी में कुल 154 मामले आए। यहां एक भी मामले का निस्तारण नहीं हुआ। इटवा तहसील दिवस पर विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय भी मौजूद रहे।
तहसील परिसर बांसी में डीएम एसपी मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, आपूर्ति, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत कुल 154 मामले आए। इसमें मौके पर किसी का निस्तारण नहीं हो सका। डीएम ने अधीनस्थ अधिकारियों को उनके विभाग से संबंधित मामलों के त्वरित निस्तारण का निर्देश दिया। इस अवसर पर एसपी श्रीपर्णा गांगुली, सीएमओ सतीश चंद्र सिंह, डीडीओ मोतीलाल व्यास, पीडी आरके दीक्षित, बीएसए भूपेंद्र नरायण सिंह, एसडीएम बांसी सुरेंद्र दास और तहसीलदार ओमप्रकाश समेत बांसी विधायक जय प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
इटवा तहसील परिसर में सीडीओ एसएन त्रिपाठी की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस के दौरान क्षेत्रीय विधायक और विधानसभा अध्यक्ष माता प्रसाद पांडेय भी मौजूद रहे। इस दौरान राजस्व के तीन, पुलिस के चार, जलनिगम के तीन और विकास के एक मामले समेत कुल 23 मामले आए। इसमें मौके पर मात्र राजस्व के एक मामले का ही निस्तारण हो सका। एसडीएम इटवा घनश्याम समेत सभी विभागों के अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। एसडीएम शोहरतगढ़ शिवबहादुर सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में राजस्व के 20, पुलिस के आठ, विकास के पांच, विद्युत के एक समेत कुल 42 मामले आए। इसमें मौके पर राजस्व के दो और विकास के एक मामले समेत कुल तीन का निस्तारण हुआ। इस अवसर पर सीओ रचना मिश्रा और खंड विकास अधिकारी इटवा केडी गोस्वामी समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में सदर तहसील परिसर नौगढ़ में एसडीएम भवानी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में राजस्व के 21, पुलिस के छह और विकास के 14 मामलों समेत कुल 60 मामले आए। इनमें मौके पर किसी का भी निस्तारण नहीं हो सका। अपनी फरियाद लेकर आए विकास खंड उसका बाजार के ग्राम छितरापार निवासी गंगाराम ने तहसील दिवस में दिए शिकायती पत्र में कहा है कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय छितरापार में वर्ष 2010-11 और 2011-12 में छात्रवृत्ति वितरण करने के मामले में धांधली करते हुए कई बच्चों की छात्रवृत्ति नहीं दी गई। इस मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी को दी गई है। इस अवसर पर तहसीलदार नौगढ़ रमेश मौर्या समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।