सिद्धार्थनगर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तहसील क्षेत्र बांसी के राममिलन चौरसिया इंटर कालेज मिठवल के परिसर में राष्ट्रीय विधिक सेवा दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को विभिन्न जानकारियां दी। इस दौरान सिविल जज जूनियर डिवीजन बांसी पंकज जायसवाल ने कहा कि इस आयोजन का मकसद समाज के कमजोर वर्ग के लोगों को नि:शुल्क और सक्षम विधिक सेवा उपलब्ध कराना है।
आर्थिक या अन्य कारणों से कोई व्यक्ति न्याय पाने से वंचित न रह जाए, इस कारण नौ नवंबर 1995 को विधिक सेवा प्राधिकरण को लागू किया गया। तभी से इस दिन विधिक सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है। इसके तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और तहसील स्तर पर भी इसका गठन किया गया है। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों तथा अधिवक्ताओं को मिलकर वादकारियों के हित को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र और सुलभ न्याय उपलब्ध कराने का संकल्प लेने को कहा। इस अवसर पर अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन सुभाष चंद्र यादव ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान अधिवक्ता ईश्वर चंद्र दूबे, सत्येंद्र सिंह, तहसीलदार बांसी ओमप्रकाश गुप्ता और विद्यालय प्रबंधक रामचंद्र चौरसिया समेत कई लोग मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता राधे मोहन शर्मा ने किया।