सिद्धार्थनगर। जिले के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें जल्द ही छुट्टा पशुओं के आतंक से निजात मिलेगी। छुट्टा पशुओं के नियंत्रण के लिए अब ब्लॉक मुख्यालय स्तर पर गोशाला बनेगी। खुले में घूम रहे पशुओं को पकड़कर वहीं रखा जाएगा और उनकी सेवा होगी।
गौरतलब है कि शुक्रवार को किसानों ने कलेक्ट्रेट परिसर में पशुओं को ले जाकर बंद कर दिया। इतना ही नहीं प्रदेश भर में छुट्टा पशुओं के मामले सामने आ भी रहे हैं। इसे देखते हुए सरकार ने सरकार छुट्टा पशुओं के स्थायी नियंत्रण के लिए कवायद शुरू की है। ग्राम विकास आयुक्त नागेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रदेश के सभी जिलों में सभी ब्लॉक में पशुचर, गोचर भूमि पर चारागाह, पशु आश्रय स्थल व गोशाला खोले जाने के निर्देश दिए हैं। इस पहल से किसानों को राहत मिलने की संभावना है।
डीएम कुणाल सिल्कू ने बताया कि जिले में बड़े स्तर पर एक गोशाला का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यालय के सोहांस पुल के पास पशुओं को रखने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, ब्लॉकों में भी गोशाला बनेंगी। कहा कि प्राथमिक स्तर पर जिला पंचायत की ओर से पहले से चल रहे कांजी हाउस को भी विकसित किया जाएगा ताकि वहां छुट्टा पशुओं को रखा जाए।
कांजी हाउस भी होगा अपडेट
वर्षों पूर्व जिलों में स्थापित कांजी हाउस को भी अपडेट करने का निर्देश हुआ है जिससे गांव के व्यक्ति द्वारा किसी पशु को खुला छोड़ने के बाद उसे कांजी हाउस में रखा जाए। इसके साथ ही गोचर भूमि पर हुए कब्जे को खाली कराते हुए पूर्व की तरह पशुओं के लिए खाली किए जाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
जिले मेें हैं 15 हजार से अधिक छुट्टा पशु
पशु पालन विभाग के मुताबिक छुट्टा पशुओं की संख्या जिले में तकरीबन 15 हजार है। यह किसानों का एक हजार हेक्टेयर से अधिक फसल प्रभावित कर रहे हैं। जिले में इस वर्ष एक लाख 65 हजार भूमि पर गेहूं, सरसो सहित अन्य फसलें लगी हुई हैं। ब्लॉक स्तर पर गोशाला का निर्माण हो जाएगा तो हजारों हेक्टेयर फसल नुकसान होने से बचेगी।
छुट्टा पशुओं पर नहीं लगा अंकुश तो सड़क जाम करेंगे
सिद्धार्थनगर। छुट्टा पशुओं के आतंक से उब चुके सदर ब्लॉक के आधा दर्जन किसानों ने शनिवार को सैकड़ों की संख्या में पहुंचकर डीएम को ज्ञापन दिया। पशुओं के जल्द नियंत्रण न होने पर सड़क पर जाम करके प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। शोहरतगढ़ तहसील क्षेत्र के किसान अभय सिंह, संजय कुमार सिंह, अतुल कुमार सिंह, सागर, रामदयाल, बेचन धुरिया, रामधनी, लवकुश, देवेंद्र, संदीप, रमेश, महबूब, भगवानदास, संजय आदि किसानों ने डीएम को ज्ञापन देकर कहा महदेवा सहित आसपास के आधा दर्जन गांव में छुट्टा पशुओं की संख्या काफी है। पशुओं का झुंड खेतों में पहुंचकर पूरे फसल को खा जा रहे हैं। रात- दिन किसानों को जागकर रखवाली करने को विवश हैं। इसके बाद भी फसल नहीं बच पा रहा है। किसानों के समस्याओं का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा। सड़क जाम करने के प्रदर्शन किया जाएगा।