सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले के मेडिकल कॉलेज का नामकरण जनसंघ के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष स्व. माधव प्रसाद त्रिपाठी के नाम पर कर ब्राह्मणों को साधने की कोशिश की। दलितों को साधने के लिए उन्होंने अपने 20 मिनट के संबोधन में कई बार दलितों का जिक्र किया। साथ ही उन्होंने भगवान बुद्ध का जिक्र कर पिछड़ों को लुभाने का प्रयास किया।
पूर्ववर्ती सरकारों पर तंज कसते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक की सरकारों ने गरीबों और दलितों के लिए कुछ नहीं किया। मौजूदा सरकार दलितों के लिए काम कर रही है। रसोई गैस कनेक्शन, प्रधानमंत्री आवास, शौचालय, सौभाग्य योजना, आयुष्मान योजना और मुख्यमंत्री आवास योजनाओं का लाभ देकर गरीबों का जीवन स्तर सुधारा जा रहा है। सीएम मेडिकल कॉलेज का नाम स्व. माधव प्रसाद त्रिपाठी के नाम कर 14 प्रतिशत ब्राह्मणों के साथ ही स्वर्ण समाज को साधने का प्रयास किया। इसके साथ ही सीएम ने कहा कि यह जिला गौतमबुद्ध के नाम से है, क्योंकि कपिलवस्तु उनके राज्य का हिस्सा था। इस बात का जिक्र कर उन्होंने 27 प्रतिशत पिछड़ों को भी जोड़ने की पूरी कोशिश की। पिछड़ों और दलितों को लुभाने के लिए उन्होंने कई बार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र कर यह बताने की कोशिश कि यह पार्टी गरीबों के लिए है। बता दें कि स्व. माधव प्रसाद त्रिपाठी जिले के बांसी तहसील के बंसतपुर गांव के निवासी थे।