सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को मेडिकल कॉलेज के शिलान्यास के मौके पर कहा कि उनकी सरकार गरीबों का खास ख्याल रख रही है। सबको निशुल्क शिक्षा और स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 32 करोड़ दलितों की भलाई के लिए काम कर रहे हैं। चार करोड़ परिवारों को निशुल्क बिजली कनेक्शन, 12 करोड़ परिवारों को गैस कनेक्शन, 2 करोड़ लोगों को शौचालय मुहैया कराया जा चुका है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश में अब तक ढाई करोड़ शौचालय बनवाए गए हैं। 18 लाख लोगों को पीएम आवास और एक करोड़ लोगों को बिजली कनेक्शन की सुविधा दी गई है। कहा कि कैंप लगाकर परियोजनाओं का लाभ लोगों को दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बगैर नाम लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, बसपा सुप्रीमो मायावती और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर निशाना साधा। कहा कि पूर्व की सरकारें केवल घोषणाएं करती थीं। गरीबों को लाभ नहीं मिलता था। मौजूदा सरकार देश और प्रदेश को आगे ले जाने का काम कर रही है। सीएम ने कहा कि लोकतंत्र का मतलब ही विकास है। डेढ़ साल में 15 मेडिकल कॉलेज के निर्माण का काम शुरू हो चुका है। इस मौके पर स्वास्थ्य चिकित्सा मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल जी, आबकारी मंत्री जय प्रताप सिंह, सांसद जगदंबिका पाल, प्रमुख सचिव चिकित्सा शिक्षा डॉ. रजनीश दूबे, विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह, डॉ. सतीश द्विवेदी, श्याम धनी राही, अपना दल एस के विधायक चौधरी अमर सिंह, जिलाध्यक्ष लाल जी त्रिपाठी व लोकसभा प्रभारी दुर्गा राय आदि मौजूद रहे।