सिद्धार्थनगर/डुमरियागंज। जिले की पांचों तहसीलों में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें कुल 177 शिकायतें आईं, इसमें से सिर्फ 13 का ही निस्तारण हो सका। ऐसे में समाधान की आस में बारिश के बीच भीगकर आए अधिकांश लोगों को निराश ही लौटना पड़ा।
डुमरियागंज में डीएम कुणाल सिल्कू अध्यक्षता और पुलिस एसपी डॉ. धर्मवीर सिंह की मौजूद में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एक घंटे इंतजार के बाद फरियादियों को समस्या बताने का मौका मिला। यहां 62 फरियादियों में से सिर्फ 5 को ही न्याय मिल सका। मंगलवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे डीएम व एसपी तहसील सभागार में पहुंचे। उपस्थिति रजिस्टर चेक करने के बाद अधिकारियों से संपूर्ण समाधान में उपस्थित रहने का निर्देश दिया। कहा कि समाधान दिवस को लेकर लापरवाही या हीलाहवाली करते मिलेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी। इस दौरान सीएमओ डॉ. आरके मिश्रा, डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह, एसडीएम राजेन्द्र प्रसाद, सीओ महेन्द्र सिंह देव आदि मौजूद रहे।
नौगढ़ तहसील में एसडीएम सौम्या पांडेय की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। यहां कुल 33 मामले आए, इसमें से दो का ही निस्तारण हो सका। इस दौरान सीओ सदर दिलीप कुमार सिंह आदि मौजूद रहे। वहीं, शोहरतगढ़ में एसडीएम अनिल कुमार की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में रिमझिम बारिश के बीच दूर-दराज के इलाकों से फरियादी अपनी समस्या का समाधान कराने पहुंचे। यहां 32 शिकायतों में से एक का भी निस्तारण नहीं हुआ। एसडीएम ने लंबित मामलों का निस्तारण समय से कराने का निर्देश जिम्मेदार विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को देते हुए रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा। तहसीलदार अरविंद कुमार, सीओ सुनील सिंह, नायब तहसीलदार अवधेश कुमार राय, मंडी समिति सचिव रामजी यादव मौजूद रहे। वहीं, इटवा में एसडीएम इटवा त्रिभुवन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित तहसील दिवस में कुल 19 मामले आए। इसमेें से 4 का निस्तारण मौके पर हुआ। तहसीलदार इटवा राजेश कुमार अग्रवाल, सीओ इटवा श्रीयश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे। बांसी में एसडीएम प्रबुद्ध सिंह की मौजूदगी में कुल 31 मामले आए और सिर्फ दो मामले का मौके पर निस्तारण हो सका।
कोटेदार की शिकायत की
ग्राम पंचायत खानतारा/श्यामपुर गांव के लोगों ने डीएम को शिकायती पत्र देकर सौंपकर जांच की मांग की। गांव के प्रधान रामतेज, विनोद दूबे, प्रवीण कुमार दूबे, हेमलता, मेनका, गुड़िया, उत्तमा देवी, शांति, लक्ष्मी, चतुरा, शशिकला आदि ने कोटेदार ने खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत पर डीएम ने जांच का निर्देश दिया।
दो साल पहले रसीद मिली, पर ट्राई साइकिल नहीं
अंदुआ गांव से आए बुजुर्ग फरियादी शिवप्रसाद ने प्रार्थना पत्र में बताया कि वह गरीब है। उसने कई आर आवास और विकलांग पेंशन के लिए आवेदन किया। लेकिन आज तक उसे कुछ भी नहीं मिला। दो साल पहले ट्राई साइकिल मिलने की रसीद मिली थी। मगर ट्राइसाइकिल अब तक नहीं मिली। डीएम ने संबंधित अधिकारी को मामले के समाधान का निर्देश दिया।