डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। विद्युत विभाग के चेकिंग के दौरान चार दिनों के भीतर कुल 80 कनेक्शन काटे गए और बकाया बिल के रूप में उपभोक्ताओं से नौ लाख रुपये की धनराशि वसूली गई। बिजली विभाग के इस चेकिंग अभियान से बकाया बिल जमा न करने वाले व कटिया लगाकर बिजली जला रहे लोगों में हड़कंप मच गया है।
शनिवार व रविवार को विभाग द्वारा चलाए गए चेकिंग व बकाया बिल वसूली अभियान के दौरान विद्युत वितरण खंड डुमरियागंज के अधिशासी अभियंता आरबी शर्मा की देखरेख में क्षेत्र के गंगवारे में जेई एसके मिश्रा ने, डुमरियागंज नगर में अजय सिंह ने, भड़रिया में जेई विनीत कुसवाहा, पाला में अजीत सिंह, खैरतिया छितौनी में एसडीओ रितेश कुमार कौशल, खानतारा क्षेत्र के भड़रिया में रामरतन, इटवा क्षेत्र के इटवा बक्सी में पवन कुमार गुप्ता एवं पीवी सिन्हा, खुनियांव क्षेत्र के धुपेडिय़ा में सिद्वार्थ शंकर गुप्ता ने सघन चेकिंग अभियान चलाकर विद्युत कनेक्शनों की जांच पड़ताल की।
इस दौरान डुमरियागंज विद्युत वितरण खंड क्षेत्र के कुल 80 विद्युत उपभोक्ताओं के बकाया बिल जमा न करने के कारण कनेक्शन विच्छेदित किया गया। साथ ही चेकिंग के दौरान उपभोक्ताओं से बकाया बिल के रूप में नौ लाख रुपये की धनराशि वसूल की गई। इस संबंध में विद्युत सबस्टेशन डुमरियागंज के एसडीओ रितेश कौशल ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश पर लगातार क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अब तक 80 कनेक्शन काटे गए। साथ ही बकाया बिल के रूप में नौ लाख रुपये की वसूली की गई है। उन्होंने बकायेदार विद्युत उपभोक्ताओं से बिल जमा करने की अपील की।