सिद्धार्थनगर। प्रेम विवाह के बाद साथ रखने से इनकार करने पर क्षुब्ध युवती गुरुवार को पति के सरकारी आवास पर पहुंच गई। आवास में घुसकर कब्जा कर लिया। पति ने इसका विरोध किया तो दोनों में जमकर नोक-झोंक हुई। युवती को आवास में छोड़ पति फरार हो गया। मामला सदर थाना अंतर्गत पुरानी नौगढ़ का है। आरोपी पति फायर ब्रिगेड में कांस्टेबल है।
महराजगंज के बृजमनगंज थाना अंतर्गत पुरंदरपुर केवटलिया निवासी सुनीता ने बताया कि वर्ष 2013 में गांव के ही दूसरी जाति के युवक चंद्रभान से उसका प्रेम संबंध हो गया। दोनों बार-बार एक-दूसरे से मिलते रहे। वर्ष 2015 के अगस्त में दोनों ने कोर्ट में शादी कर ली। घर वालों ने पहले इसका विरोध किया, बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौते में चंद्रभान के बहन की शादी के बाद सुनीता के विदाई पर सहमति बनी। सुनीता का आरोप है कि बहन की शादी के बाद चंद्रभान साथ रखने से मुकर गया। बार-बार गुहार के बाद भी विदाई न कराने पर गुरुवार को वह पुरानी नौगढ़ स्थित फायर स्टेशन परिसर में बने कर्मचारियों के आवास में चंद्रभान को ढूंढते पहुंच गई। वहां उसे देखते ही चंद्रभान भड़क गया। दोनों में जमकर नोक-झोंक हुई। सुनीता आवास के अंदर पहुंच गई और वहीं रहने की जिद पर अड़ गई। विभागीय कर्मचारियों ने भी बीच-बचाव किया। मामला सुलझता न देख चंद्रभान वहां से चला गया। उधर, चंद्रभान ने सुनीता के आरोपों को निराधार बताया। कहा कि सुनीता का साथ रखना चाहता है, लेकिन परिवार के प्रति उसका व्यवहार ठीक नहीं है। इस मामले में कई जगह प्रार्थना पत्र दिया गया है। इसी की सुनवाई में फिलहाल वह महराजगंज महिला थाने में आया है। उधर, सीओ सदर अकमल खां ने मामले से अनभिज्ञता जताई। कहा कि जानकारी ली जाएगी। युवती प्रार्थना पत्र दे तो जांच कर समुचित कार्रवाई की जाएगी।