डंठल की चिंगारी से लगी आग, 90 बीघा गेहूं की फसल राख
डुमरियागंज। थाना क्षेत्र के परसा पंडित गांव के सिवान में डंठल की राख से उठी निकली चिंगारी से गेहूं की खड़ी फसल में बृहस्पतिवार को आग लग गई। फायर ब्रिगेड और ग्रामीणों की घंटों मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक किसानों का 90 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गया।
क्षेत्र के परसा पंडित गांव के सिवान में बृहस्पतिवार की दोपहर दो बजे पश्चिम दिशा में स्थित जखोली सिवान के एक खेत में जलाए गए डंठल की चिंगारी तेज हवा के सहारे पहुंच गई। जब तक लोग कुछ कर पाते गांव के रामकिशोर के खेत से होते हुए बेकारू और अख्तर अजीज के खेतों तक आग पहुंच गई। तेज लपटें अगल-बगल के खेतों में भी पहुंच गईं। आसपास के गांव के लोगों और फायर ब्रिगेड की घंटों मशक्कत के बाद आग को बुझाया जा सका। आग लगी की इस घटना में रामकिशोर, बेकारू, अख्तर, अजीज, रामफेर, बुधई, शहजाद, मोहम्मद उमर, लवकुश, नरेंद्र, इजहार, रामप्रसाद, दुखराम सहित कई किसानों की लगभग 90 बीघा फसल जलकर नष्ट हो गई। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इंतजार अहमद ने अग्नि पीड़ित किसानों को प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजा दिए जाने की मांग की है। इस संबंध में तहसीलदार राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि परसा पंडित गांव में आग लगने की सूचना मिली थी। मौके पर हल्का लेखपाल को भेजा गया था। रिपोर्ट मिलने के बाद किसानों को सहायता दी जाएगी।
शार्ट-सर्किट से गेहूं की फसल में लगी आग
बिस्कोहर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बिस्कोहर के सिकौथा में बृहस्पतिवार को शार्ट-सर्किट से गेहूं की खड़ी फसल में आग लग लग गई। ग्रामीणों के मदद से आग पर काबू पाया गया। आग लगी से गेहूं की खड़ी फसल जलकर नष्ट हो गई। क्षेत्र के सिकौथा में दोपहर एक बजे गांव के पश्चिम सिवान में विद्युत तार में शार्ट होने से गेहूं की फसल में आग लग गई। ग्रामीणों की घंटों कड़ी मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगी की इस घटना में आशीष कुमार, भानू, यासीन, महेश कुमार, सूर्य लाल गुप्ता की 20 बीघा से अधिक फसल जलकर नष्ट हो गई। किसानों का कहना है कि उसी के सहारे परिवार की जीविका चलाते थे। बच्चों का निवाला छिन गया है। लोगों ने प्रशासन से सहायता दिलाने की मांग की है। संवाद