सिद्धार्थनगर। दीपावली पर्व पर बुधवार को मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अभियान चलाया। इस दौरान 871 किलोग्राम खाद्य सामग्री जब्त किया गया। साथ ही 55 किलोग्राम मिठाइयां नष्ट कराईं। 23 नमूने जांच के संग्रहित कर खाद्य प्रयोगशाला भेजा गया।
टीम ने बांसी से खोवा, दूध का नमूना, अलीगढ़वा बाजार से सरसों का तेल, बादाम, बूंदी का लड्डू, बर्फी के नमूने लिए। बर्डपुर बाजार से पनीर, सरसों तेल का नमूना तथा 30 किलोग्राम सरसों तेल मानक के अनुरूप नहीं मिलने पर सीज किया गया।
सकारपार-बांसी से दूध, बर्फी, पकड़ी से खोवा, सनई चौराहा से पेड़ा, बर्फी के नमूने लिए गए। नौगढ़ बाजार से दो छेना की मिठाई के नमूने लिए गए। फूड सेफ्टी ऑन द्वारा नौगढ़ बाजार में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई। जिसमें दो छेना की मिठाई मानक के अनुरूप नहीं पाए जाने पर नमूना संग्रहित करते हुए मौके पर ही पांच किलोग्राम छेना मिठाई नष्ट करा दिया गया।
खजुरिया रोड, थाना मोड़ नौगढ़ से खोया, पनीर का नमूना संग्रहित करते हुए 150 किलोग्राम खोया एवं 20 किलोग्राम पनीर सीज किया गया। डुमरियागंज से बूंदी का नमूना संग्रहित करते हुए 59 किलोग्राम बूंदी सीज किया गया है।
परसा शाह आलम निकट विजय पैलेस नौगढ़ से कलाकंद, लड्डू, डोडा बर्फी, बूंदी जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद अग्रिम विधिक कार्यवाही की जाएगी। खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री न करने के लिए जागरूक किया गया।
टीम में सहायक आयुक्त (खाद्य) आरएल यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र प्रताप सिंह एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारीगण हीरा लाल, नीरज कुमार चौधरी, जय प्रकाश और रंजन कुमार श्रीवास्तव शामिल रहे।