नगरपालिका सभागार में बैठक कर संघ का गठन किया।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। जिला मुख्यालय स्थित केंद्रीय विद्यालय के अभिभावकों ने रविवार को नगरपालिका सभागार में बैठक कर संघ का गठन किया। इस मौके पर केंद्रीय विद्यालय में पठन-पाठन न होने से अभिभावकों ने नाराजगी व्यक्त की और इसकी शिकायत को लेकर सोमवार को डीएम से मिलने का निर्णय लिया। अभिभावक संघ के गठन के बाद केवी में बच्चों की पढ़ाई सुचारू न होने से चिंता व्यक्त की गई।
बैठक में सभी अभिभावकों ने केंद्रीय विद्यालय में लगातार छुट्टियों का होना, टीचरों का आए दिन जनपद से बाहर ट्रेनिंग इत्यादि पर जाना, विषय विशेषज्ञ न होने के कारण बच्चों की कक्षाएं प्रभावित होना, 1 से 3 तक की कक्षाएं लगातार लगभग 2 माह से बंद रहना, कंप्यूटर की उपलब्धता के बावजूद कक्षाएं न संचालित होना जैसे गंभीर मुद्दों को लेकर गंभीर चिंतन मंथन किया। सोमवार को जिलाधिकारी से अभिभावकों का एक प्रतिनिधिमंडल मिलेगा।
अभिभावकों ने कहा कि विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा हर बात को यह कहकर टाल दिया जाता है कि मेरी अपनी स्थायी बिल्डिंग नहीं है। कुछ नहीं कर सकता। बैठक की अध्यक्षता पशुधन प्रसार अधिकारी अरुण कुमार प्रजापति ने की। जबकि संचालन फतेह बहादुर सिंह ने किया। मौके पर विधान पांडेय, परमात्मा शुक्ला, वंदना, संजय शुक्ला, राम करन गुप्ता, शिशिर मिश्रा आदि अभिभावक मौजूद रहे।