सिद्धार्थनगर। भाजपा की सरकार को कहती है वो करती है। जिन योजनाओं का शिलान्यास हुआ, उनका लोकार्पण हो रहा है। जिन सड़कों के प्रस्ताव रखे गए, उनका निर्माण हो रहा है। विकास का यह दौर यहीं नहीं रुकेगा। लोकसभा चुनाव से पहले जिले में 200 करोड़ की परियोजनाएं शुरू होंगी। ये बातें उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शनिवार को जिला जेल के सामने स्थित मैदान में 19 परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के मौके पर कहीं।
मौर्य ने कहा कि प्रदेश में सड़कों के निर्माण की लागत 20-30 फीसदी घटी है। भाजपा सरकार में बनीं सड़कें आठ से 10 साल चलेंगी, जबकि अन्य सरकारों के समय बनीं सड़कें महज दो साल चलती थीं। इससे साफ है कि पूर्ववर्ती सरकारों में भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता रहा है। डिप्टी सीएम ने गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि बुआ और भतीजा ने 2019 का चुनाव मिलकर लड़ने का फैसला किया है ताकि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को रोक सकें। उन्होंने कहा कि गठबंधन की जितने राज्यों में जितनी बैठकें हो रही हैं, गंठबंधन के पीएम पद के उम्मीदवार के उतने नाम सामने आ रहे हैं। मौर्य ने कहा कि अब आपको तय करना है कि सर्जिकल स्ट्राइक वाला पीएम चाहिए न कि आंख मारने वाला। 50 साल तक सत्ता में रही सरकारों ने गरीबों के लिए कुछ नहीं किया।
नरेद्र मोदी की सरकार की ओर से गरीबों को आवास, शौचालय, गैस और बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। प्रधानमंत्री ने अमीरों से अपील की है कि वे रसोई गैस सब्सिडी छोड़ दें।
मौर्य ने कहा कि गरीब सवर्णों को 10 प्रतिशत आरक्षण देकर सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वह सबका विकास- सबका साथ चाहती है। कहा कि पहले भी कुंभ लगता था, लेकिन सरकार की ओर से कोई इंतजाम नहीं किए जाते थे। इस बात कुंभ में श्रद्धालुओं की सुविधा के हर इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने लोगों से 2019 में भाजपा को विजयी बनाकर नरेंद्र मोदी को दोबारा पीएम बनाने की अपील की। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि गरीब सवर्णों को आरक्षण देकर सरकार ने ऐतिहासिक कार्य किया है। इस मौके पर सदर विधायक श्याम धनी राही, इटवा विधायक डॉ. सतीश द्विवेदी, शोहरतगढ़ विधायक चौधरी अमर सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष लाल जी त्रिपाठी उर्फ लाल बाबा आदि मौजूद रहे।
खनन घोटोले पर पूर्व सीएम को घेरा
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हाईकोर्ट के आदेश पर खनन घोटाले की जांच सीबीआई कर रही है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और मायावती इसे चुनावी स्टंट बता रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार उन्हें परेशान कर रही है। वास्तविकता यह नहीं है, भाजपा सरकार केवल भ्रष्टाचार खत्म करना चाहती है। बगैर नाम लिए कहा कि भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली आईएएस पर भी सरकार कार्रवाई कर रही है।
अच्छा काम बताए विपक्ष, सरकार पूरा करेगी
मौर्य ने कहा कि विपक्ष में बैठे लोग बस शोर कर रहे हैं। अगर वे कोई अच्छा काम बताएं, अच्छी योजना बताएं तो सरकार उस पर अमल करने को तैयार है।
जोगिया-पकड़ी मार्ग को टू लेन करने का प्रस्ताव मांगा
सांसद जगदंबिका पाल ने उपमुख्यमंत्री से जोगिया-पकड़ी मार्ग को टू-लेन करने की मांग की। कहा कि एनएच-233 और एनएच-730 जुड़ जाए और लोगों को काफी सुविधा होगी। इस पर उपमुख्यमंत्री ने विभाग को एक सप्ताह के अंदर आगणन रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजने का निर्देश दिया।