शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर)। पिछले तीन दिनों से रुक-रुक कर हो रही बारिश के कारण बानगंगा नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैराज के 16 में 14 फाटक को खोल दिया गया है। नदी के जलस्तर में हुई वृद्धि से बानगंगा-धनौरा मुस्तहकम बांध पर हो रहे कटान की मरम्मत में विभागीय अधिकारी लग गए हैं।
शुक्रवार को एसडीएम सत्यप्रकाश सिंह ने बानगंगा-धनौरा बांध पर हो रहे कटान स्थल का निरीक्षण कर जायजा लिया। पहाड़ी नदियों पर लगातार हो रही बारिश से बानगंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से एक प्वाइंट नीचे तक पहुंच गया है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बैराज पर लगे अधिकारी व कर्मचारियों ने 16 में से 14 फाटक को खोल दिया है। एसडीएम ने बांध पर कटान स्थल व जारी मरम्मत कार्य का निरीक्षण करते हुए विभागीय अधिकारियों को नियमानुसार कार्य को जल्द से जल्द पूर्ण करने का निर्देश दिया। बानगंगा ड्रेनेज खंड के अधिकारी को एसडीएम ने हिदायत दी कि कार्य में किसी भी प्रकार के शिथिलता की शिकायत मिलने पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस संबंध में ड्रेनेज खंड के अवर अभियंता एमटी राय ने बताया कि बानगंगा का जलस्तर 93.00 पर है। खतरे का निशान 94.00 है। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बैराज के 16 फाटक में 14 फाटक को खोल दिया गया है। धनौरा बांध पर पूर्व में हुए कटान स्थल पर मरम्मत कार्य के आगे बांध का स्लेब करीब एक मीटर चौड़ा व 25 मीटर लंबाई में खिसक कर नदी में गिर गया है। इसका मरम्मत कार्य जारी है। जल्द ही कार्य को पूर्ण करा दिया जाएगा। इस संबंध में एसडीएम सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि बानगंगा नदी का जलस्तर खतरे के निशान से अभी नीचे है। बानगंगा-धनौरा मुस्तहकम बांध पर कटान स्थल का मुआयना किया गया। कटान स्थल का मरम्मत कार्य जारी है। इससे अभी खतरे की कोई आशंका नहीं है।