नियुक्ति पत्र पाकर खिले 760 शिक्षकों के चेहरे
स्वास्थ्य मंत्री और सांसद की मौजूदगी में वितरित किए गए नियुक्ति पत्र
बीएसए कार्यालय पर लगी रही नवनियुक्त शिक्षकों की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। 69 हजार शिक्षक भर्ती के तहत जिले में भी 760 सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया गया। नियुक्ति पत्र पाने के बाद सभी के चेहरे पर खिले दिखे। वक्ताओं ने जहां नवनियुक्त शिक्षकों से बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने की अपेक्षा की, वहीं शिक्षकों ने योगी सरकार के प्रति आभार जताया।
लोहिया कला भवन में शनिवार को सहायक अध्यापक भर्ती अंतर्गत 760 सफल अभ्यर्थियों को नियुक्ति-पत्र प्रदान किया गया। प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री जयप्रताप सिंह ने नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई दी। कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा के प्रति काफी सक्रिय है। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षक एक महत्वपूर्ण कड़ी है। सभी लोग पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का पालन करें। सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षा के प्रति काफी गंभीर हैं। सरकार पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत योग्य अध्यापकोें को भर्ती की है। विधायक कपिलवस्तु श्यामधनी राही, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद माधव, डीएम दीपक मीणा ने नवनियुक्त शिक्षकों को बधाई दी। बेसिक शिक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि काउंसिलिंग में 799 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिसमें चयनित 760 शिक्षकों को नियुक्ति-पत्र वितरित किया जा रहा है। इस मौके पर महेंद्र प्रताप, अभिमन्यु प्रसाद, गोपालजी मिश्र, विजय आनंद, एसपी पांडेय, सीमा पांडेय, रमेश मौर्या, सीपी गौड़, राधेरमण त्रिपाठी, योगेंद्र पांडेय, रूपेश सिंह आदि मौजूद रहे।