सिद्धार्थनगर। सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत शनिवार को परिवहन विभाग की टीम ने जिले के अलग-अलग हिस्सों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर 75 वाहनों का चालान किया गया जबकि ओवरलोडिंग और टैक्स जमा नहीं करने के मामले में पांच वाहनों को निरुद्ध किया गया।
एआरटीओ संजय कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम ने हेलमेट, सीटबेल्ट, ट्रिपलिंग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के इस्तेमाल और रांग साइड ड्राइविंग के मामलों में कार्रवाई की।
अभियान के दौरान सात ट्रालियों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप भी लगवाया गया। इससे रात में पीछे से आने वाले वाहन चालकों को ट्राॅलियां आसानी से दिखाई देंगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक भी किया गया।
इसके अलावा जिले में संचालित प्रदूषण जांच केंद्रों का निरीक्षण किया गया। जांच में सिद्धार्थ और आलिया प्रदूषण जांच केंद्र बंद मिले, जबकि जायसवाल प्रदूषण जांच केंद्र संचालित नहीं पाया गया। यहां रेट लिस्ट भी प्रदर्शित नहीं थी। अनियमितताएं मिलने पर तीनों केंद्रों के संचालकों को नोटिस जारी किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा और प्रदूषण जांच व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अभियान आगे भी जारी रहेगा।