जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप
- अपर मुख्य अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी पर भी लगा है आरोप
- जिला पंचायत के लिपिक ने दी सदर थाने में तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व पूर्व सपा प्रत्याशी, अपर मुख्य अधिकारी व प्रशासनिक अधिकारी पर जान से मारने की धमकी देने का मामला प्रकाश में आया है। कार्यालय में तैनात लिपिक ने तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि सदर पुलिस मामले में हीलाहवाली बरत रही है। इसकी वजह से लगातार दबाव बनाया जा रहा है। बता दें कि जिला पंचायत अध्यक्ष और प्रतिनिधि सपा समर्थित है।
सदर पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र मेें शिव प्रकाश ने बताया है कि वह जिला पंचायत में लिपिक पद पर कार्यरत है। वर्ष 2014 में साजिश रचकर मुझे निलंबित करा दिया गया था। मामले की जांच बस्ती मडंल आयुक्त के यहां चल रही थी। 13 दिसंबर 2018 को वेतन देने का आदेश हुआ। लेकिन अब तक वेतन नहीं दिया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष के कार्यालय में बुलाकर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि व पूर्व सपा प्रत्याशी रामकुमार उर्फ चिन्कू यादव, अपर मुख्य अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी ने धमकी देते हुए जिला पंचायत कार्यालय से भाग जाने को कहा। विरोध करने पर जाति सूचक शब्द का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। साथ ही चेतावनी दी कि अगर किसी से कुछ कहा तो दोबारा निलंबित करते हुए जांच में फंसा देंगे। इसके बाद कार्यालय में तैनात एक अन्य लिपिक ने धक्का देकर कार्यालय से बाहर भगा दिया। कार्यालय के कई लोगों ने धक्का-मुक्की को देखा, लेकिन अध्यक्ष प्रतिनिधि के दबाव में कोई गवाही देने को तैयार नहीं हुआ। कहा कि गरीब परिवार से हैं। इसलिए वेतन का भुगतान करने के बजाए धमकाया जा रहा है। मुझे और मेरे परिवार को धमकी भी दी जा रही है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाए। एसओ सदर शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, प्रभारी एसपी मुन्ना लाल सिंह ने अगर तहरीर पुलिस को दी गई होगी तो मामले की जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।
अपर मुख्य अधिकारी हरिओम नारायण चंद ने बताया कि वेतन बहाल कर दिया गया है। रही बात धमकी देने की तो यह निराधार है। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतनिधि से उनका कुछ विवाद है। इसे लेकर मुझ पर आरोप लगाए जा रहे हैं। वहीं जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि राम कुमार उर्फ चिन्कू यादव ने कहा कि राजनीति के तहत उन्हें फंसाया जा रहा है। धमकी देने की बात पूरी तरह से गलत है। मेरा कोई विवाद नहीं है।