शोहरतगढ़। आदर्श ग्राम पंचायत गड़ाकुल में एनएच 730 पर रविवार की रात ट्रक की टक्कर से विद्युत पोल टूट कर सड़क पर गिर गया। बारिश के कारण सप्लाई ठप रही। इससे बड़ा हादसा घटित होने से बच गया। मोहल्ले के लोगों ने विद्युत विभाग को मामले की जानकारी दी है लेकिन चौबीस घंटे बाद भी स्थिति जस की तस बनी रही। बिजली बहाल न होने से लोग परेशान रहे।
आदर्श ग्राम पंचायत गड़ाकुल में एनएच 730 सड़क पर प्रधान श्याम सुंदर चौधरी के घर के पास लगा बिजली का पोल रविवार की रात को अज्ञात ट्रक की टक्कर से टूट कर गिर गया। सूचना के बाद भी विद्युत विभाग के जिम्मेदार गिरे हुए पोल को सही करने के लिए नहीं पहुंचे। गड़ाकुल समेत शोहरतगढ़ व नीबी-दोहनी में 24 घंटे से आपूर्ति ठप है। गांव के प्रधान श्याम सुंदर चौधरी, सुरेश मिश्र, संजीव जायसवाल ने कहा कि घटना की जानकारी के बाद भी विद्युत निगम के कर्मचारी गिरे हुए पोल व तार को सही कराने के लिए मौके पर सोमवार को भी नहीं पहुंचे। दिन भर सड़क के किनारे पोल व तार गिरा हुआ पड़ा रहा। जेई अनिल यादव ने कहा कि विद्युत संविदा कर्मियों के धरने के कारण गिरे हुए पोल को दिन में सही नहीं कराया जा सका। पोल को सही करने के लिए कर्मी को भेजा गया है। मंगलवार देर शाम तक आपूर्ति सुचारु करवाने का प्रयास किया जा रहा है।