गोरखपुर। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से फार्मासिस्ट मुख्य परीक्षा का आयोजन 29 जून को जिले में 14 केंद्रों पर होगा। सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक होने वाली इस परीक्षा में कुल 6432 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
परीक्षा को सकुशल, शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से कराने के लिए शनिवार को नोडल अधिकारी बनाए गए एडीएम सिटी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें तैयारियों की समीक्षा की गई। परीक्षा की निगरानी के लिए आयोग की ओर से परीक्षा पर्यवेक्षक के रूप में नामित एसएस बघेल भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक केंद्र पर एक-एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। हर केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहेगा। सघन जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, मोबाइल या अनुचित सामग्री को परीक्षा केंद्र में ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, बायोमेट्रिक सत्यापन और अन्य सुरक्षा उपाय भी सुनिश्चित किए जा रहे हैं। बैठक में एसपी सिटी निमिष पाटील, जिला विद्यालय निरीक्षक अजीत सिंह आदि अधिकारी मौजूद रहे।