गोरखपुर। मदन मोहन मालवीय प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में बीटेक में प्रवेश के लिए चॉइस लॉक करने की प्रक्रिया शनिवार को पूरी हो गई। इस बार भी कंप्यूटर साइंस अभ्यर्थियों की पहली पसंद बना हुआ है। इसके अलावा आईटी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग और आईओटी को भी अभ्यर्थियों ने पसंद किया है।
स्नातक प्रवेश के समन्वयक प्रो. वीके मिश्र ने बताया कि 30 जून को पहले चरण के सीट आवंटन का परिणाम घोषित किया जाएगा। दूसरी सूची सात जुलाई और तीसरी सूची 14 जुलाई को जारी की जाएगी। कट ऑफ सूची में शामिल अभ्यर्थियों को 30 जून से दो जुलाई के बीच फ्रीज या फ्लोट में से कोई एक विकल्प चुनना होगा। फ्रीज चुनने पर निर्धारित ट्यूशन फीस एक लाख 35 हजार जमा करनी होगी, जबकि फ्लोट के साथ आगे बढ़ने पर 80 हजार रुपये जमा करने होंगे। प्रो. मिश्र ने भी बताया कि अभ्यर्थी ने जो ब्रांच चॉइस लाॅक किए हैं, उपलब्धता के आधार पर वरीयता क्रम में उसी अनुसार सीट आवंटित होंगे।
विश्वविद्यालय में बीटेक में कुल 1189 सीटें हैं। इनके सापेक्ष कुल 4046 आवेदन प्राप्त हुए हैं। पहली बार विश्वविद्यालय में दक्षिण भारत के छात्रों ने भी प्रवेश के लिए आवेदन किया है। तेलंगाना, आंध्र प्रदेश के साथ महाराष्ट्र, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, नई दिल्ली, बिहार, झारखंड, मध्य प्रदेश व छत्तीसगढ़ राज्यों से अभ्यर्थियों ने भी इस बार आवेदन किया है। पूर्वोत्तर भारत के अलग-अलग राज्यों से निर्धारित कोटे के तहत हर वर्ष छात्रों को प्रवेश मिलता है।