खुनुवां। एसएसबी सीमा चौकी जवान, स्थानीय पुलिस और सीमा शुल्क कार्यालय खुनुवां के संयुक्त दल ने सोमवार शाम तस्करी कर नेपाल ले जा रहे 55 बोरी प्याज को जब्त किया। कमांडेंट उज्जल दत्ता ने बताया कि सूचना मिली कि खुनुवां गांव से प्याज की तस्करी होने वाली है।
एसएसबी से एसआई प्रोसन्नजीत वर्मन, पुलिस से निरीक्षक अक्षय यादव, चौकी इंचार्ज जगत नरायन यादव व हवलदार महेंद्र कुमार समेत संयुक्त दल खुनुवां गांव में छापा मारा। जहां तीन स्थानीय डंप प्याज कुछ व्यक्ति कंधे पर बोरी लादे भारत से नेपाल ले जाने की जुगाड़ में दिखे। टीम को देखते ही वे लोग बोरी छोड़ अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए। संयुक्त टीम ने गांव के एक तालाब के पास से 27 बोरी, दूसरे जगह से 17 बोरी व तीसरे जगह से 11 बोरी बरामद किया।
बरामद की गई 55 बोरी में प्रति बोरी 45 किलोग्राम की दर से 2475 किलोग्राम प्याज पायी गई। इसे अवैध तरीके से भारत से नेपाल ले जाया जा रहा था। बरामद प्याज को जब्त कर सीमा शुल्क कार्यालय खुनुवां को सुपुर्द कर दिया गया है। संवाद