मंत्री ने बांसी नगर पालिका में हो रहे विकास कार्य का निरीक्षण किया
- फोटो : अमर उजाला
बांसी। नगर पालिका परिषद बांसी के तमाम विकास कार्यों का गुरुवार को प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री ने निरीक्षण किया। निर्माण कार्यों से संबंधित पूरी फाइल आकलन के साथ जेई को लाने का निर्देश अधिशासी अधिकारी को दिया। कैबिनेट मंत्री जय प्रताप सिंह ने नगर पालिका परिषद बांसी के क्षेत्र में कराए गए विकास कार्यों के नाम पर तमाम निर्माण कार्यों की जांच की और उसका भौतिक सत्यापन किया।
मंत्री ने आंबेडकर मैरिज हाल, प्रतापनगर वार्ड स्थित मैरिज हॉल तथा इंदिरा नगर वार्ड में निर्मित भवन आदि का बारीकी से निरीक्षण किया। वहीं, लागत और काम की तुलना करते हुए अधिशासी अधिकारी से जवाब मांगा। कैबिनेट मंत्री जय प्रताप सिंह ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को जांचा और असंतुष्ट हुए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता विहीन निर्माण कार्य किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। गुणवत्ता विहीन कार्य करने पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी की जाए। अधिशासी अधिकारी अरविंद कुमार को उन्होंने निर्देश दिया कि जिन निर्माण कार्यों और भवनों का उन्होंने जांच की है उसका जेई द्वारा पूरे आकलन के साथ फाइल उन्हें प्रस्तुत किया जाए। अमरेंद्र कुमार, राजकुमार पांडेय, प्रभास्कर राय, सभासद मंगल चौरसिया आदि मौजूद रहे।