डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। तहसील क्षेत्र में बाढ़ के पानी में डूबने से एक युवक की मौत हो गई। गोताखोरों की मदद से युवक की लाश को दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया।
क्षेत्र के चौरामाफी गांव निवासी श्रीराम यादव का 20 साल का बेटा सूर्यबली रविवार की दोपहर में अपने दोस्तों के साथ गांव के किनारे बांध के पास गया था। लोगों को पानी में नहाता देख वह भी उसमें नहाने के लिए उतर गया। इसी बीच पानी का अंदाजा न होने से वह गहराई में चला गया। जब तक साथी उसे बचाने की कोशिश करते तब तक वह गहरे पानी में डूब गया। ग्रामीणों ने उसे तलाशने की काफी कोशिश की। पेंदा गांव निवासी एक गोताखोर की मदद से सूर्यबली की लाश निकाली गई। सूचना पर विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह ने गांव पहुंचकर पीड़ितों को ढांढस बंधाया और आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इस संबंध में एसओ राधेश्याम राय ने बताया कि घटना की जानकारी है। परिवार के लोगों ने कोई सूचना या तहरीर नहीं दी है। नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।