जिले में पांच हजार लोगों को किया चुका क्वारंटीन
विदेश और अन्य राज्यों से जिले में अब तक पहुंचे 13 हजार
परिषदीय समेत प्राइवेट विद्यालयों, पंचायत बने क्वारंटीन सेंटर
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। विदेश और अन्य राज्यों से लौट रहे लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। ऐसे लोगों और उनके परिवार की निगरानी तेज हो गई है। अब तक जिले में पांच हजार लोगों को क्वारंटीन किया जा चुका है। जिले में पहुंचाने वालों की संख्या 12,832 हो चुकी है।
लॉकडाउन घोषित होने के बाद से ही दिल्ली, मुंबई, गुजरात और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में लोग अपने घरों को लौट रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य महकमा समेत प्रशासनिक अफसरों की चिंता भी बढ़ती जा रही है। जिले में आए 12832 लोगों की निगरानी के लिए प्रत्येक गांव में आशा, एएनएम और ग्राम प्रधान की टीम बना दी गई है। गांव-गांव में बाहर से आने वाले लोगों को चिह्ंित कर सूची बनाई जा रही है। ऐसे लोगों की जांच की जा रही है और उन्हें बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों, पंचायत घरों, प्राइवेट स्कूलों में क्वारंटीन कराया जा रहा है। सीडीओ पुलकित गर्ग ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशन में बाहर से आने वाले लोगों की जांच कराई जा रही है। सीएमओ को कड़े निर्देश दिए गए हैं। टीम गठित किया गया है। यदि टीमों को किसी में लक्षण नजर आते हैं तो गांव के प्राइमरी, जूनियर अथवा प्राइवेट स्कूल में उन्हें क्वारंटीन के लिए सख्त हिदायत दिए गए हैं।
बाहर से आए हैं तो यह करें
बाहर से आए लोगों को 14 दिन तक अपनी और अपने लोगों की सुरक्षा के लिए घर पर रहें। बुखार और खांसी होने पर आराम करें। सांस फूलने अथवा तेज बुखार आने पर चिकित्सक से सलाह लें और जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्य विभाग के टोल फ्री नंबर पर फोन मिलाएं। स्वास्थ्य विभाग से आने वाली टीम से कोई भी जानकारी न छुपाएं।