मधवलियां गोसदन और गेरमा जाने वाली सड़क 5.5 मीटर चौड़ी होगी
जल्द शासन को कार्ययोजना भेजेगा विभाग
महराजगंज। मधवलियां गोसदन और बरवा से गेरमा सड़क पर आवाजाही करने वालों के लिए राहत भरी खबर है। आने वाले दिनों में इन सड़क पर आवागमन सुलभ होने की उम्मीद जगी है। यह सड़कें 5.5 मीटर चौंड़ी होंगी। पीडब्लूडी ने दोनों सड़कों के लिए 50 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार कर ली है। जल्दी ही प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा।
जिले में सड़कों का जाल है लेकिन कई सड़कें पतली होने से राहगीरों काे काफी परेशानी होती है। विभाग की ओर से ऐसी सड़कों को चिह्नित कर कार्ययोजना तैयार की जा रही है, जिससे लोगों का आवागमन सुरक्षित हो सके। जिले में मधवलियां गोसदन व बरवा पकड़ी, सिसवां, गेरमा जाने वाली सड़क अभी 3.75 मीटर चौड़ी है। इससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। सड़क टूटने के कारण गिट्टियां बिखरी पड़ी हैं। इस वजह से आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
विभाग की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, महराजगंज-फरेंदा (एनएच-730) हाईवे से मधवलियां गो-सदन को जाने वाली नौ किलोमीटर सड़क की अभी चौड़ाई साढ़े तीन मीटर के करीब है। इसे अब साढ़े 5.5 मीटर करने की तैयारी चल रही है। वहीं बरवा से पकड़ी सिसवां, गेरमा जाने वाली सड़क भी अब 5.5 मीटर चौड़ी हो जाएगी। दोनों सड़कें चौड़ी होनी से करीब एक लाख से अधिक राहगीरों को सुविधा मिलेगी।
10 किलोमीटर की दूरी हो जाएगी कम
मधवलियां गोसदन और बरवा से गेरमा वाली सड़क से करीब एक लाख लोग रोजाना आवाजाही करते हैं। अभी लोग सिसवा से मुख्यालय आने के लिए घुघली, शिकारपुर के रास्ते महराजगंज आते हैं। इससे करीब 32 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। सड़क बनने के बाद सिसवा से बरवां, शिकारपुर होते हुए जिला मुख्यालय आ सकेंगे। ऐसे में 10 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी। मधवलिया गो सदन वाली 9.45 किलोमीटर लंबी और गेरमा 9 किलोमीटर लंबी सड़क चौड़ी होगी।
वर्जन
जिले में सड़कें चौड़ी होने से राहगीरों को काफी लाभ मिल रहा है। बरवां पकड़ी गेरमा नहर की पटरी चौड़ी होने से महराजगंज जिला मुख्यालय जाने में काफी सहूलियत मिलेगी। सड़कें सही होने से यात्रा भी सुरक्षित होगी।
-मुकेश जायसवाल, सिसवा
-
जिले में यह सड़क बाईपास का कार्य करती है। अगर सिसवां से घुघली होकर जिला मुख्यालय जाना पड़े तो दूरी बढ़ जाती है। लेकिन बरवा नहर की पटरी से जाने में दूरी कम होती है। इसके चौड़े होने से यात्रा में राहत मिलेगी।
-संजय गुप्ता, सिसवा
.....................
सड़कें पतली हैं। इसे चौड़ा करने के लिए कार्ययोजना में शामिल किया गया है। कार्ययोजना के प्रस्ताव को जल्दी ही शासन को भेजा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद चौड़ीकरण का काम शुरू करा दिया जाएगा।
-राजकुमार मिश्रा, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड पीडब्लूडी