सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रादेशिक नेतृत्व के आह्वान पर बुधवार को शिक्षकों ने प्रदेश स्तरीय 11 सूत्री व जनपद स्तरीय 15 बिंदुओं को लेकर एक दिवसीय धरना दिया। अंत में मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सदर को सौंपा गया।
बीएसए कार्यालय परिसर में आयोजित धरने में जिलाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी ने कहा कि एक ही कैंपस वाले प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों के संविलयन आदेश को वापस लेने, अंतर्जनपदीय स्थानांतरण के लिए 5 वर्ष के स्थान पर 1 वर्ष की सेवा अवधि करने व समस्त आपत्तियों का निस्तारण करने, न्यायालय में सक्रिय पैरवी कर पदोन्नति प्रक्रिया बहाल कराने, सभी प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक का पद सृजित करने, स्वेटर व यूनिफॉर्म के लिए दर दूना करने, शिक्षकों के लिए बीमा की धनराशि 10 लाख करने, खेलकूद प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त धन उपलब्ध कराने सहित अन्य मांगों को हल कराने के लिए एक दिवसीय धरना दिया जा रहा है। यदि मांग नहीं मानी गई तो 20 दिसंबर को प्रयागराज स्थित बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।
जिला मंत्री योगेंद्र प्रसाद पांडेय ने कहा कि जनपद स्तर पर भी शिक्षकों से जुड़ी कई समस्याएं लंबित हैं। नवनियुक्त शिक्षकों का सत्यापन कराने में देरी, सत्यापन आने के बाद भी वेतन भुगतान आदेश जारी करने में पटल सहायकों का धनदोहन करने, निरीक्षण में अनुपस्थित शिक्षकों के खिलाफ बिना स्पष्टीकरण लिए कार्रवाई करना, लंबित व्यक्तिगत व सामूहिक बकाया भुगतान कराने, जीपीएफ कटौती की धनराशि पासबुक में अंकित कराने, प्रान के संबंध में जारी आदेश को श्िािथल करने सहित अन्य समस्याओं को हल कराने के लिए मांगपत्रक सौंपा गया है।
इनका निस्तारण न होने पर 17 दिसंबर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन किया जाएगा। धरने को गयानंद मिश्र, लालजी यादव, रामप्रकाश मिश्र, अश्विनी तिवारी आदि ने भी संबोधित किया। अंत में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सदर संतोष कुमार ओझा को देकर जिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित करने का अनुरोध किया गया। धरने में उदयभान मिश्र, मुस्तनशेरूल्लाह, अभय श्रीवास्तव, हरिशंकर सिंह आदि मौजूद रहे।