कपिलवस्तु महोत्सव में मौजूद लोग
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। आज गांवों में विकास की बयान बह रही है। गरीबों को आवास, शौचालय, रसोई गैस सिलेंडर, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं। यह बदलाव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोशिश का नतीजा है। उन्होंने गांवों के लिए खजाना खोल दिया है। आजादी के बाद से पहली बार ऐसा हुआ है। ये बातें सांसद जगदंबिका पाल ने गुरुवार को कपिलवस्तु महोत्सव में आयोजित पंचायत सम्मेलन में कहीं।
सांसद ने कहा कि प्रधान व पंचायतें पंचायतीराज व्यवस्था की अहम कड़ी हैं। प्रधानों के प्रयास से जिला खुले में शौच से मुक्त हो गया है। कहा कि प्रधानों के प्रशासनिक व यात्रा भत्ता के 15 हजार रुपये को मानदेय में जोड़ने के लिए वह प्रधान संगठन के प्रतिनिधियों की सीएम से मुलाकात कराएंगे। इस मौके पर डीपीआरओ अनिल सिंह, राज्य प्रशिक्षक विवेक गंगवार, डीपीसी संजय तिवारी, पूर्व विधायक कमला साहनी, प्रधान संघ संरक्षक श्याम नारायण मौर्य, जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा, कन्हैया पांडेय, जफर आलम, अतहर अलीम, महेश कनौजिया, आशुतोष मिश्रा, बीडीओ तारा देवी, जिला प्रवक्ता विजय यादव आदि मौजूद रहे।
स्वास्थ्य योजनाओं की दी गई जानकारी
- महोत्सव में ग्राम प्रधानों के सम्मेलन में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा संचालित कार्यक्रमों के बारे में लोगों को जागरूक करने और शत-प्रतिशत क्रियान्वयन की अपील की गई। ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति का संचालन अब आशा कार्यकर्ता व प्रधान के संयुक्त हस्ताक्षर से होगा। पहले एएनएम व प्रधान के संयुक्त रूप से इसका संचालन करते थे। इस मौके पर सीएमओ डॉ. आरके मिश्र, उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. डीके चौधरी, एसीएमओ डॉ. सौरभ चतुर्वेदी, सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी, ब्लॉक समन्वयक व स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थिति रहे।