सिद्धार्थनगर। हर घर को रोशन करने के लिए प्रधानमंत्री सहज हर घर बिजली योजना (सौभाग्य) की शुरूआत की गई थी। इसके लिए जिले में एक लाख 63 हजार 885 घरों को रोशन किए जाने का लक्ष्य रखा गया था।करीब नौ माह में बिजली निगम 97 हजार 678 घरों को कनेक्शन दे सका है। ऐसे में शेष बचे 25 दिनों में 66 परिवारों को कनेक्शन देना किसी चुनौती से कम नहीं है। गौरतलब है कि जिले में योजना धरातल पर उतरने के बाद समय-समय पर निगम के अफसरों, जनप्रतिनिधियों की अगुवाई में मेगा कैंप लगाकर लोगों को कनेक्शन दिए जा रहे हैं। लक्ष्य पूर्ति के लिए 15 दिसंबर 2018 की तिथि नियत की गई है।
बिजली चोरी पर दर्ज होगा मुकदमा
उच्चाधिकारियों के मुताबिक प्रधानमंत्री सहज हर घर बिजली योजना (सौभाग्य) के तहत लक्ष्य पूर्ति 15 दिसंबर 2018 की जानी है। इसके बाद गांवों में अवैध कनेक्शन लगने अथवा बिजली चोरी करते पाए जाने पर दोषी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ी तो केस भी दर्ज कराया जाएगा।
हर शनिवार को लगाए जा रहे मेगा कैंप
जिले में प्रधानमंत्री सहज हर घर बिजली योजना (सौभाग्य) की लक्ष्य पूर्ति के लिए बिजली निगम की ओर से हर शनिवार को संबंधित विद्युत उप केंद्रों और निर्धारित शेड्यूल के तहत 50-50 गांवों में मेगा कैंप लगाया जा रहा है। यहां ग्रामीण पहुंचकर औपचारिकताएं पूर्ण कर कनेक्शन प्राप्त कर सकते हैं।
2011 की जनगणना के अनुसार, बीपीएल परिवारों को निशुल्क विद्युत कनेक्शन दिया जाना है। अन्य लोगों को 50 रुपये की मासिक दस किस्तों में विद्युत बिलों के साथ भुगतान करना पड़ेगा। इसके लिए गांव-गांव शिविर लगाए जा रहे हैं। लक्ष्य पूर्ति के लिए हर स्तर पर प्रयास किया जा रहा है। अंतिम तिथि 15 दिसंबर तय की गई है।
- एके श्रीवास्तव, अधीक्षण अभियंता, विद्युत निगम