सिद्धार्थनगर। जिले के किसान इस बाद अपने जिले का उपजे बीज से गेहूं की बुआई करेंगे। बीज ग्राम योजना के तहत जिले के 14 ब्लॉकों से एक-एक गांव का चयन होगा। इन गांवों के 15-15 प्रगतिशील किसानों को एक एकड़ में बोने के लिए एक बोरी(40 किलोग्राम) बीज दिया जाएगा। विभाग ने इसकी तैयारी पूरी कर ली है। जल्द ही किसानों को चयनित करके बीज का वितरण किया जाएगा।
सरकार किसानों की आय को बढ़ाने के लिए किसानों को खेती के लिए प्रोत्साहित कर रही है। बीज ग्राम योजना के तहत सरकार किसानों को 70 प्रतिशत अनुदान पर बीज देगी। जिला कृषि अधिकारी सीपी सिंह ने बताया कि बीज जिले में प्रमाणित किया गया है। ब्लॉक स्तर पर गांवों को चिह्नित करके प्रगतिशील किसानों को बीज दिया जाएगा। इस प्रजाति के बीज की उपज जिले की मिट्टी पर अच्छा है। शुरूआत में किसानों से बीज की पूरी रकम ली जाएगी। 10 दिन के भीतर किसान को खाते के माध्यम से 70 प्रतिशत अनुदान की राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
कृषि विभाग ने प्रमाणित किया है बीज
कृषि विभाग ने जिले में अपने फार्म में गेहूं को उगाकर प्रमाणित किया है। प्रजाति का नाम के 402 है। इसकी प्रति हेक्टेयर अनुमानित उपज 65 से 70 क्विंटल है। 15 दिसंबर तक किसान इस प्रजाति की गेहूं बीज की बुवाई कर सकते हैं।