पौने पांच लाख बच्चों को दी जाएगी खुराक
सिद्धार्थनगर। पोलिया से मुक्ति पाने के लिए जिले के पौने पांच लाख बच्चों को 20 मार्च रविवार को पल्स पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। 1174 स्थानों पर बूथ लगाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।
पोलियो प्रभावित पड़ोसी देशों का असर देश के बच्चों पर न पड़े, इसे ध्यान में रखते हुए समय-समय पर अभियान चलाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को खुराक पिलाई जाती है। पोलियो की खुराक से शत-प्रतिशत बच्चे आच्छादित हों, इसके लिए अभिभावकों को भी जागरूक किया जाता है।
स्वास्थ्य टीम की अपील है कि पोलियो दिवस पर अभिभावक बच्चों को बूथ पर जरूर लेकर आएं और दो बूंद जिंदगी की पिलाएं। इस संबंध में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. सौरभ चतुर्वेदी ने बताया कि पोलियो की खुराक पिलाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। 20 मार्च को कैंप लगाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को दवा पिलाई जाएगी।
रेलवे व बस स्टेशन पर भी रहेगी स्वास्थ्य टीम
20 मार्च को पल्स पोलियो दिवस पर 78 ट्रांजिट टीम भी भारत-नेपाल सीमा पर। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, भीड़भाड़ वाले चौराहे व ईंट भट्ठा पर भी रहेगी। यहां पांच वर्ष तक के बच्चों को खुराक पिलाएंगी। इनकी मानीटरिंग के लिए 244 सुपरवाइजर लगाए गए हैं। इस अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ स्वयंसेवी संस्था के लोग भी सहयोग करेंगे। 21 से 24 मार्च के बीच छूटे बच्चों को खुराक पिलाने के लिए बी टीम काम करेगी। हाउस टू हाउस जाकर खुराक पिलाने के लिए 715 टीम लगाई गई है।