नगर के विकास के लिए वर्ष 2016-17 का बजट नगर पालिका बोर्ड ने मंगलवार को पास कर दिया। इसमें कुल विभिन्न मदों के तहत 39 करोड़ रुपये के बजट की मंजूरी दी गई है। इसके प्रस्ताव बनाकर शीघ्र अनुमोदन और विकास कराने पर सहमति बनी।
बोर्ड की बैठक में चेयरमैन चमन आरा राईनी ने कहा कि नगर के विकास के प्रति वह हर संभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नगर की सभी प्रमुख सड़कों की चौड़ीकरण व उच्चीकरण हो रहा है। जलनिकासी, पथप्रकाश की समुचित व्यवस्था की गई है।
बिजली न रहने पर कस्बे को रोशन करने के लिए सभी मोहल्लों व चौराहों व धार्मिक स्थलों पर सोलर लाइट लगाया जा रहा है। इसके बाद चेयरमैन चमन आरा राईनी ने वर्ष 2015-16 की वार्षिक आय 31 करोड़ 72 लाख 53016 रुपये और 22 करोड़ 95 लाख 82169 रुपये व्यय का ब्योरा पेश किया।
उसके बाद वर्ष 2016-17 के लिए 39 करोड़ 27 लाख 95000 आय व 24 करोड़ 91 लाख 70000 रुपये व्यय का अनुमानित बजट पेश किया गया, जिसे सर्वसम्मति से पास कर दिया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए नगर के प्रमुख चौराहों व स्थलों पर प्याऊ की व्यवस्था किए जाने, रानी मोहभक्त लक्ष्मी स्नान घाट के सुंदरीकरण, घाट के बगल में नाले पर दुकान निर्माण, बिजली व सफाई उपकरण की खरीदारी सहित तमाम विकास कार्यों का प्रस्ताव पारित किया गया।
बैठक में ईओ राजीव रंजन सिंह, सभासद मो. इद्रीश पटवारी, रामगति मौर्या, अबरार हुसैन, मंगल पांडेय, बरकत अली राईनी, नीलम गुप्ता, मैना देवी, मंगल चौरसिया, अब्दुल्लाह करीम राईनी, प्रधान लिपिक जहांगीर, गिरीश पांडेय, राजकुमार पांडेय, गणेश मौर्या आदि उपस्थित रहे।