भारतभारी/शाहपुर। त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के पेंड़रियाजीत गांव के पश्चिम सिवान में मंगलवार दोपहर करीब दो बजे अज्ञात कारणों से लगी आग में करीब 35 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना से गांव के दर्जनों किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
बताया जाता है कि दोपहर में खेतों की ओर से धुआं उठता देख ग्रामीणों को आग लगने की जानकारी हुई। जब तक लोग कुछ समझ पाते, तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते कई खेत इसकी चपेट में आ गए। ग्रामीणों ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी और खुद ही बाल्टी, पाइप व अन्य संसाधनों से आग बुझाने में जुट गए।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक विजयपाल की करीब चार बीघा, रामपाल की सात बीघा, दिलीप कुमार की दो बीघा, रामदेव की दो बीघा और दीनानाथ की एक बीघा सहित कई किसानों की फसल जलकर नष्ट हो चुकी थी।
ग्रामीणों का आरोप है कि फायर ब्रिगेड की टीम सूचना के बाद भी देर से पहुंची और आग बुझने के बाद मौके पर पहुंचकर औपचारिकता पूरी कर लौट गई। इससे लोगों में नाराजगी देखने को मिली। घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता रामकुमार चिंकू यादव और डुमरियागंज तहसीलदार रवि यादव भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
तहसीलदार रवि यादव ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा जा रहा है और नुकसान का आंकलन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को शासन स्तर से हर संभव सहायता दिलाई जाएगी।