जोगिया में जाम के कारण फंसे वाहन।
- फोटो : अमर उजाला
जोगिया। बांसी-नौगढ़ मार्ग (एनएच-233) पर ककरही पुल के पास सड़क पर बने गड्ढे में एक साथ दो ट्रक फंस गए। इससे दोनों तरफ लगभग तीन किलोमीटर लंबा जाम लग गया। बांसी व जोगिया पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया। यह सड़क बदहाल हो चुकी है और यहां अक्सर जाम की समस्या पैदा हो जाती है। जिससे मंडल मुख्यालय बस्ती जाने वालों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।
पिछले पांच वर्षों से एनएच-233 का निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क उखाड़ दी गई, लेकिन उसे बनाया नहीं गया। इससे सड़क पर बड़े- बड़े गड्ढे बन गए हैं। सोमवार को ककरही पुल के पास टूटी हुई सड़क के गड्ढे में एक साथ दो ट्रक फंस गए। देखते ही देखते बांसी की ओर डेढ़ किलोमीटर लंबा जाम लगा गया। इसी प्रकार जोगिया की ओर भी वाहनों की लंबी लाइन लग गई। सूचना पर एसओ बांसी रविंद्र कुमार सिंह व एसओ जोगिया डीसी चौधरी टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। लगभग पांच घंटे की कोशिश के बाद जाम खत्म हुआ।
शिकायत के बाद भी लापरवाही
बांसी-नौगढ़ मार्ग पर फजिहतवा नाले पर बने पुल के पास सड़क धस रही है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। मामले की जानकारी एसओ बांसी रविंद्र कुमार सिंह तीन दिन पूर्व दे चुके हैं, लेकिन जिम्मेदारों की ओर से ध्यान नहीं दिया जा रहा है।