सिद्धार्थनगर। नेपाल सीमा पर तस्करी के बदले अवैध वसूली को लेकर सोशल मीडिया में वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने कपिलवस्तु कोतवाली के तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है। उन पर लगे आरोपों की जांच के निर्देश दिए हैं। उधर, एसपी ने चार उप निरीक्षक व 12 पुलिस कर्मियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है।
तीन दिन पूर्व सोशल मीडिया में एक वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो में कपिलवस्तु कोतवाली के सिपाहियों को बार्डर के समीप सामान लेकर आ-जा रहे लोगों से अवैध वसूली करते देखा गया था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसपी ने तीनों सिपाही इंद्रजीत, ध्रुव नारायण, अनूप को लाइन हाजिर कर दिया है। सीओ सदर दिलीप सिंह ने बताया कि सिपाहियों पर लगे आरोपों की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि के बाद अन्य कार्रवाई भी होगी। उधर, सदर थाने में तैनात एसआई सत्यप्रकाश यादव को त्रिलोकपुर व अनिरूद्ध यादव को भवानीगंज थाने में भेजा गया। पुलिस लाइन में तैनात उपनिरीक्षक अनिल कुमार व सूर्यपाल सोनकर को सदर थाने में तैनात किया गया।
इनके अलावा सदर थाने में तैनात दो सिपाही को त्रिलोकपुर व गोल्हौरा थाने में भेजा गया। पुलिस लाइन से 10 सिपाहियों को सदर थाने में तैनाती दी गई। सीओ ने बताया कि कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के मद्देनजर यह फेरबदल किया गया है।