संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। जिले के 14 विकास खंडों में दो हजार की दर से 28 हजार मिट्टी नमूना अभियान के तहत एप के जरिए जांच के लिए एकत्रित की जाएगी। इसके तहत नौगढ़, बढ़नी, बर्डपुर, उस्का बाजार व डुमरियागंज आदि ब्लॉकों में मिट्टी का नमूना लिया जाएगा।
सोमवार की देर शाम नौगढ़ विकास खंड के महदेवा लाला में एक किसान के खेत में संयुक्त निदेशक कृषि बस्ती मंडल अविनाश चंद्र तिवारी ने जांच के लिए मिट्टी का नमूना एकत्र कराकर अभियान का शुभारंभ किया।
उन्होंने बताया कि मिट्टी नमूना परीक्षण अभियान के तहत प्रत्येक ब्लाॅक के 20-20 गांवों में 100-100 किसानों के मिट्टी का जांच के लिए एकत्र की जाएगी, जिससे मिट्टी में पोषक तत्वों की जांच की जा सके। मिट्टी में जिस तत्व की कमी होगी, उसे पूरा करने के लिए किसानों को जागरूक भी किया जाएगा।
किसानों द्वारा गेहूं की कटाई के बाद खेतों में डंठल जला दिए जाते हैं। इससे मिट्टी में रहने वाले मित्र कीटों की मौत हो जाती है, जिससे भूमि की उर्वरा शक्ति धीरे-धीरे खत्म हो जाती है।
उन्होंने किसानों को खेतों में हरी खाद के लिए ढैंचा की बुवाई करने की सलाह दी। साथ ही कंपोस्ट एवं जैविक खाद का अधिक से अधिक प्रयोग करने की बात कही।
इस दौरान उप निदेशक कृषि अरविंद कुमार विश्वकर्मा, प्रभारी जिला कृषि अधिकारी विवेक दूबे व भूमि संरक्षण अधिकारी रवि शंकर पांडेय आदि मौजूद रहे।