सिद्धार्थनगर में 22 कोरोना संक्रमित पाए गए
आईसोलेशन वार्ड में किए गए भर्ती, जिले में संक्रमितों की संख्या पहुंची 549
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी आवास में एक और पुलिस लाइंस में तीन कोरोना संक्रमितों के साथ रविवार को जिले में 22 लोग कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए। इनमें सर्वाधिक आठ मरीज बांसी तहसील क्षेत्र के और छह नौगढ, बाकी अन्य ब्लॉक क्षेत्र के हैं। इन सभी मरीजों को सरकारी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर इलाज और निगरानी की जा रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से जारी रिपोर्ट के अनुसार बांसी कोतवाली में तैनात एक पुलिस कर्मी और नौगढ़ पुलिस लाइन में तीन पुलिसकर्मी कोरोना संक्रमित हैं। डीएम आवास का एक कर्मचारी भी कोरोना पॉजिटिव आया। सरकारी कर्मचारियों में बांसी तहसील का एक कर्मी और यहीं के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के तीन कर्मचारी संक्रमित निकले। इनके अलावा नौगढ़ में बुद्धनगर, पुराना पड़ाव में एक एक नागरिक संक्रमित पाया गया। बर्डपुर के मोहनाजोत गांव में एक ही परिवार के चार लोग लक्षणहीन कोरोना संक्रमित पाए गए। शोहरतगढ़ ब्लॉक के नीबी धोनी में दो और लोटन ब्लॉक के अमोहवा गांव में एक नागरिक कोरोना संक्रमण का शिकार हुआ। बांसी के श्यामनगर, टकेसवर और अशोक नगर मोहल्लों में एक एक कोरोना केस पाए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंद्र विजय विश्वकर्मा ने बताया कि जिले में रविवार को 22 नए मरीज मिले इनका इलाज किया जा रहा है।
खेसरहा थाने के सात पुलिसकर्मी एंटिजन टेस्ट में पॉजिटिव
खेसरहा। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के मद्देेनजर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने रविवार को खेसरहा थाने में पुलिसकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कोरोना की प्राथमिक जांच कहे जाने वाले एंटिजन टेस्ट में थाने के एक बड़े अधिकारी सहित सात पुलिसकर्मी पॉजिटिव पाए गए। इन सभी को तत्काल जिला अस्पताल स्थित आइसोलेशन सेंटर भेज दिया गया। सीओ बांसी अरविंद कुमार ने बताया कि खेसरहा थाने के सात पुलिसकर्मी एंटिजन रिपोर्ट में पॉजिटिव आए है। उन्होंने क्वारंटीन होम भेजा गया है, कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि के लिए वहां उनके सैंपल लेकर जांच को बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजे जाएंगे।