डुमरियागंज। नगर पंचायत प्रशासन ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस कूड़े से जैविक खाद बनाने की कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को ईओ शिवकुमार के नेतृत्व में इस मुद्दे पर विचार के लिए सभागार में बैठक हुई। इस दौरान नगर में कूड़ा बीनने वाले चिह्नित लोगों को आईडी, मास्क व पोशाक दी गई।
बैठक को संबोधित करते हुए ईओ शिवकुमार ने कहा कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत नगर में एकत्र कूड़े से जैविक खाद बनाया जाएगा। इस तरह तैयार खाद नगर क्षेत्र के किसानों को खेती में प्रयोग के लिए दी जाएगी। नगर क्षेत्र में कूड़ा बीनने वाली महिलाओं और युवकों को चिन्हित किया गया है। ऐसे पांच लोगों को आईडी, मास्क और पोशाक दिया गया। कूड़ा बीनने के दौरान नगर के सफाई कर्मचारी भी उनकी मदद करेंगे। सूखा और गीला दोनों कूड़ों को इकट्ठा कर डंपिंग यार्ड में रखा जाएगा। ठोस कूड़े से खाद बनाने का काम प्रयोग के तौर पर सबसे पहले नगर पंचायत अध्यक्ष जफर अहमद और राधेश्याम गोंड के घर के पास किया जाएगा। अध्यक्ष जफर अहमद ने कहा कि नगर क्षेत्र के हर घर में शौचालय होना प्राथमिकता है। घर के बाहर खुले में शौच जाने वाले लोगों को नोटिस देने के साथ ही उन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। उन्होंने सभी सुपरवाइजरों से अपने-अपने वार्डों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया। इस दौरान महंथ मिश्रा, मो. हैदर शब्लू, मो. अफजल, विनोद श्रीवास्तव, रमन, रतन गुप्ता, मो. खालिद, रामगोपाल, अनिल, सीताराम, कासिम मेंहदी, छोटू, हैदर अली, मयाराम, अर्पित द्विवेदी, आकाश अग्रहरि आदि मौजूद रहे।