सिंचाई विभाग कार्यालय के परिसर में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन भानू गुट की बैठक हुई।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। सिंचाई विभाग कार्यालय के परिसर में सोमवार को भारतीय किसान यूनियन भानू गुट की बैठक हुई। इसमें वर्ष 2017-18 में विभाग के एक जेई द्वारा कराए गए कार्यों की जांच की मांग की गई। साथ ही विभिन्न मांगों को लेकर एक्सईएन को ज्ञापन देकर कार्रवाई की मांग की। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
जिलाध्यक्ष यार मोहम्मद चौधरी ने कहा कि सिंचाई में विभाग के कार्यों में बड़े पैमाने पर धांधली की गई है। इसकी जांच जरूरी है। कहा कि वर्ष 2017-18 में विभाग के एक जेई द्वारा किए गए मनरेगा कार्य में बड़े पैमाने पर धांधली कर धन का दुरुपयोग किया गया है। जांच कराकर दोषी जेई के खिलाफ कार्रवाई की जाए। नहरों की साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए जिससे किसानों को सिंचाई में दिक्कतें न हों। इसके अलावा अन्य मांगों को पूरा किया जाए। इंद्रजीत यादव, ईश्वरी प्रसाद मिश्र, शंभू प्रसाद साहनी, रामप्रकाश श्रीवास्तव, सुंदरराम यादव, श्यामदुलारी गुप्ता, विशंभर प्रसाद, हरि प्रसाद शुक्ल आदि मौजूद रहे।