सिद्धार्थनगर। विकास के लिए सबसे पहली जरूरत सड़कों की होती है। इस बात को ध्यान में रखते हुए सरकार जिले में सड़कों का जाल बिछाने में जुटी हुई है। हर कस्बे और गांवों को सड़कों से जोड़ा जा रहा है। इसी कड़ी में बौद्ध परिपथ का निर्माण हो रहा है। ये बातें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कही।
शोहरतगढ़ के छतहरी में आयोजित एनएच-730 बढ़नी से शोहरतगढ़ के शिलान्यास कार्यक्रम में सीएम ने कहा कि बौद्ध परिपथ से नेपाल की राह आसान हो जाएगी। अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पहले 13 मेडिकल कॉलेज थे। यह संख्या अब 26 हो चुकी है। कहा कि पिछली सरकारों ने जिले के विकास पर ध्यान नहीं दिया। यही कारण है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस जिले को बेहद पिछड़े जिलों में शुमार कर विकास का जिम्मा उठाया है। स्वास्थ्य से लेकर शिक्षा और बुनियादी सुुविधाओं पर सरकार काम कर रही है। प्रदेश में 11 लाख ग्रामीण और छह लाख शहरी परिवारों को प्रधानमंत्री आवास दिया जा चुका है। डेढ़ साल में प्रदेश में एक करोड़ 46 लाख शौचालय बनाकर विश्व रिकार्ड बनाया जा चुका है। 72 हजार मजरों में बिजली पहुंचाई गई है। 56 लाख परिवारों को सौभाग्य योजना के तहत बिजली कनेक्शन दिया जा चुका है। सीएम ने सपा और बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि विकास परिवारवाद से नहीं, बल्कि सकारात्मक सोच से आएगा। भाजपा बगैर भेदभाव के विकास करती है।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि बौद्ध परिपथ के लिए 4500 करोड़ की लागत से सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है, जो क्षेत्र में समृद्धि लाएंगी। इससे क्षेत्र में उद्योग-धंधे लगेंगे और युवाओं को रोजगार मिलेगा। पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार आने के बाद से 14 हजार 800 किमी. एनएच का निर्माण कराया जा चुका है। कहा कि लोगों को रोटी, कपड़ा और मकान देना सरकार की प्राथमिकता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि नेपाल से भूटान और बांग्लादेश को जोड़ने वाली सड़क भी बन रही है। वाराणसी से पश्चिम बंगाल के हल्दिया तक जलमार्ग का काम चल रहा है। भविष्य में यूपी की चीनी जलमार्ग से बांग्लादेश जाएगी। सांसद जगदंबिका पाल ने बौद्ध परिपथ को फोरलेन करने की बात कही तो मुख्यमंत्री ने इसे स्वीकार कर लिया। इससे पूर्व गडकरी और मुख्यमंत्री ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद शिलान्यास हुआ। इस दौरान कुशीनगर के सांसद राजेश पांडेय, बलरामपुर के सांसद दद्दन मिश्रा, नेपाल के सांसद अभिषेक प्रताप शाह आदि मौजूद रहे।
काला नमक धान का जिक्र
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक जिला-एक उत्पाद के तहत काला नमक धान को शामिल किया गया है। इसकी खेती किसानों के जीवन में खुशहाली लाएगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार किसानों के हित में कदम उठा रही है। उनकी प्राथमिकता किसानों की आय दोगुनी करने की है।