सिद्धार्थनगर। महिलाओं को विभिन्न स्तरों पर सहायता उपलब्ध कराने के लिए संचालित 181 महिला हेल्पलाइन के प्रति जागरूकता लाने के लिए वॉल पेंटिंग की मदद से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत सरकारी भवनों पर उससे संबंधित नंबरों को अंकित किया जाएगा। इस संबंध में जिलाधिकारी को पत्र भेजा गया है।
अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार की ओर से जारी पत्र के मुताबिक भारत सरकार द्वारा महिलाओं को सहायता उपलब्ध कराने के लिए महिला कल्याण विभाग की ओर से 181 महिला हेल्पलाइन का संचालन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। स्कूल, कॉलेज, शासकीय कार्यालय, थाना, ब्लॉक, तहसील, सीओ कार्यालय, एसपी कार्यालय, जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, पंचायत भवनों, बारात घरों, प्राइवेट अस्पतालों, प्राइवेट स्कूलों, कॉलेजों, शापिंग मॉल, सिनेमा घरों की दीवारों पर जरूरी जानकारी अंकित किया जाए।
मुख्य विकास अधिकारी हर्षिता माथुुर ने बताया कि संबंधित अधिकारियों को पत्र भेजकर अनुपालन करने का निर्देश दिया गया है। इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।