सिद्धार्थनगर।विश्व को शांति, हिंसा व करुणा का संदेश देने वाले भगवान बुद्ध की स्थली कपिलवस्तु में बौद्ध देशों के मंदिरों समेत फाइव स्टार होटल निर्माण के लिए 20 एकड़ भूमि चिह्नित की गई। गुरुवार को लखनऊ से पहुंची टीम के साथ सदर तहसील के अधिकारी मझौली सागर के आसपास क्षेत्रों में जमीन की तलाश की। शासन के साथ ही जिलाधिकारी की गंभीरता रंग लाई तो निश्चय ही आने वाले दिनों में कपिलवस्तु महायोजना को नई दिशा मिल जाएगी।
प्रमुख सचिव पर्यटन के पत्र पर शहरी आवास एवं नियोजन विभाग कपिलवस्तु विकास प्राधिकरण के अधिशासी अभियंता एके चौहान की अगुवाई में पहुंची लखनऊ टीम के साथ सदर तहसील के नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार, जिला पर्यटन सूचना अधिकारी मो. मकबूल, राजस्व निरीक्षक श्याम नारायन तिवारी, लेखपाल राम शंकर दुबे व अशोक कुमार गुप्ता ने मझौली सागर के पास पहुंचकर आसपास के क्षेत्रों अटकोनिया, बर्डपुर नंबर-1 टोला पिपरहवा व बिहरा में 20 एकड़ जमीन का चिह्नांकन किया, जहां विभिन्न देशों से संबंधित बौद्ध मंदिरों का निर्माण 15 एकड़ व टू से फाइव स्टार होटल के लिए 5 एकड़ जमीन की आवश्यकता है।
शासन के निर्देश पर पहुंची टीम के साथ जमीन तलाशने की दिशा में गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी कुणाल सिल्कू ने सदर तहसील से जुड़े राजस्व विभाग के अधिकारियों व कर्मियों को चिह्नांकन करने के साथ ही अविलंब रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया। नायब तहसीलदार अश्वनी कुमार ने बताया कि भूमि का चिह्नांकन कर लिया गया है। रिपोर्ट तैयार होते ही जिलाधिकारी को सौंप दी जाएगी।
कपिलवस्तु आएंगी पर्यटन मंत्री
बौद्ध सर्किट में शामिल कपिलवस्तु में पर्यटकीय विकास की हकीकत जानने के लिए प्रदेश की पर्यटन मंत्री रीता बहुगुणा जोशी 16 व 17 मई में किसी एक दिन आएंगी। यह जानकारी जिला पर्यटन सूचना अधिकारी मो. मकबूल ने देते हुए बताया कि मिनट टू मिनट कार्यक्रम अभी नहीं आया है।