विकास भवन के अंबेडकर सभागार में हुई बैठक
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिले की सभी कार्यदाई संस्थाओं व विकास से जुड़े विभागों की तैयारियों की सोमवार को डीएम ने समीक्षा की। विकास भवन के अंबेडकर सभागार में हुई बैठक में शिलान्यास व लोकार्पण होने वाली 36 परियोजनाओं का शिलापट्ट एक साइज में तैयार कराने का निर्देश दिया।
डीएम कुणाल सिल्कू ने पीडब्लूडी के एक्सईएन को निर्देश दिया कि सभी विभागों की कुल 36 परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण होना है। विभागों से सामंजस्य स्थापित कर शिलापट्ट एक साइज के तैयार कराएं। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम स्थल बीएसए कार्यालय के बगल में खाली मैदान में टेंट व्यवस्था के देखरेख की जिम्मेदारी पीडब्लूडी एक्सईएन केशवलाल को सौंपी। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री के आगमन स्थल पर स्वास्थ्य, शिक्षा, कार्यक्रम, पंचायती राज, पशु चिकित्सा को मिलाकर लगभग 10 विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। ओडीएफ ग्राम भिटिया में जो भी कमियां हैं, उसे 28 मार्च से पहले पूरा कर लें।
28 मार्च को वह स्वयं गांव का निरीक्षण करेंगे। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री जेई-एईएस पखवाड़ा का भी शुभारंभ करेंगे। लिहाजा सभी प्रभारी चिकित्साधिकारी 31 मार्च तक छूटे हुए बच्चों का नियमित टीकाकरण कार्य 90 प्रतिशत तक पूरा करा लें। सीएमओ डॉ.वेदप्रकाश शर्मा ने सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को जेई-एईएस के प्रशिक्षण का फोटोग्राफ व्हाट्सएप ग्रुप पर प्रेषित करने और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार कराने का निर्देश दिया।
जिला विकंलाग कल्याण अधिकारी को निर्देश दिया कि दो अप्रैल को मुख्यमंत्री दिव्यांगों को ट्राई साइकिल भी देंगे, इसकी तैयारी पूरी करा लें। बैठक में डीएफओ वीके मिश्र, डीडी कृषि डॉ.पीके कन्नौजिया, डीपीआरओ अनिल कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी एसपी सिंह, बीएसए मनिराम सिंह, डीएसओ नरेंद्र तिवारी, एक्सईएन जल निगम पवन कुमार यादव, सीवीओ डॉ.फणीश सिंह, डीएसटीओ राजेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।