सिद्धार्थनगर। नौगढ़ रोडवेज पर फ्री वाई-फाई की सुविधा शुरू हो गई है। स्मार्ट फोन रखने वाले यात्री निशुल्क इंटरनेट का उपयोग कर सकते हैं। एक बार में सौ लोग वाई-फाई से कनेक्ट होंगे।
प्रदेश सरकार ने यात्रियों की सहूलियत के लिए रोडवेज डिपो पर वाई-फाई लगाने का ऐलान किया था। इसमें नौगढ़ रोडवेज का भी नाम शामिल किया गया। मई के प्रथम सप्ताह मेें मुंबई की एक कंपनी ने यहां मशीन इंस्टाल की थी। सुविधा शुरू होने के लिए मुख्यमंत्री की ओर से हरी झंडी दिखाने का इंतजार था। 28 जून को अन्य जिलों की सुविधा शुरू हो गई थी। कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण सिद्धार्थनगर में अब व्यवस्था शुरू हुई है। पिछले सप्ताह से आरंभ हुई निशुल्क वाई-फाई का लाभ यात्री अनलिमिटेड डाटा के रूप में ले सकेंगे। इसके लिए उन्हें सिर्फ अपने स्मार्ट फोन से कनेक्ट करना होगा। इस संबंध में एआरएम एके सिंह ने बताया कि वाई -फाई की सुविधा शुरू हो गई है। स्मार्ट फोन रखने वाले यात्री इसका निशुल्क उपयोग कर सकेंगे।
कनेक्ट करने के लिए अपनाना होगा यह तरीका
उपभोक्ताओं को मोबाइल फोन से वाई-फाई सर्च करने पर टीजी फ्री नाम से ऑप्शन आएगा। यहां लॉगइन पर क्लिक करने के बाद उपभोक्ता को अपना नाम व नंबर रजिस्टर्ड करना होगा। पांच डिजिट का कोड डालना होगा। इसके बाद एक वन टॉइम पासवर्ड मैसेज मोबाइल पर आएगा। इसके जरिए वह वाई-फाई से जुड़ सकेंगे।
100 मीटर के दायरे तक होगा कनेक्ट
कनेक्ट करने की एरिया 100 मीटर तय है। 100 मीटर की परिधि में फोन कनेक्ट होगा और 100 उपभोक्ता एक साथ इससे जुड़ सकेंगे।